चिलकाना क्षेत्र में दो दिन से हो रही बारिश तथा तेज हवा के कारण विभिन्न स्थानों पर बिजली के 35 खंभे टूट गए हैं। 2500 मीटर तार और तीन ट्रांसफार्मर फुंक कर खराब हो गए हैं। उधर नकुड़ में भी बिजली लाइन पर पेड़ गिरने से आपूर्ति बाधित हो गई।
अवर अभियंता राजकुमार ने बताया कि चिलकाना पठेड़ विद्युत उप केंद्र पर एचटी लाइन के 11 खंभे तेज हवा तथा बारिश के कारण टूट गए हैं, जबकि यहां 25 केवी के दो ट्रांसफार्मर तथा 63 केवी का एक ट्रांसफार्मर फुंक गया है। सलेमपुर विद्युत उप केंद्र के अंतर्गत भी एचटी लाइन के 10 खंभे टूटे हैं। गाठेड़ा विद्युत उपग्रह केंद्र से संबंधित क्षेत्र में 10 खंभे टूटे हैं। जैन बाग हलालपुर विद्युत उपकेंद्र के अंतर्गत चार खंभे टूटे हैं। इन सभी विद्युत उप केंद्रों पर करीब 2500 मीटर तार भी फुंक गया है।
अवर अभियंता ने बताया कि हलालपुर के चार विद्युत खंभों को ठीक करा कर बिजली आपूर्ति को चालू कर दिया गया है। अभी भी क्षेत्र के करीब 12 गांवों की विद्युत आपूर्ति बंद है। बृहस्पतिवार शाम तक सभी स्थानों पर खंभे लगा कर आपूर्ति चालू कर दी जाएगी।
नकुड़-गंगोह रोड स्थित बिजलीघर के सामने बुधवार दोपहर बारिश के दौरान एक पुराना पेड़ गिर गया। वहां से स्कूटी पर जा रहे दो विद्युत कर्मी राहुल और जितेंद्र बाल-बाल बच गए। पेड़ गिरने से एचटी लाइन क्षतिग्रस्त हो गई जिससे आपूर्ति बाधित हो गई।
कच्चा मकान गिरा, ट्रैक्टर नदी में फंसा
मूसलाधार बारिश के मिर्ज़ापुर के पेलो रोड पर बुरहान पुत्र हनीफ का कच्चा घर भरभरा कर गिर गया है। परिजनों ने किसी तरह भाग कर अपनी जान बचाई। कोठड़ी गांव के पास स्थित सहंस्रा नदी में तीन युवकों के साथ एक ट्रैक्टर बरसाती नदी के तेज बहाव में फंस गया जिसको ग्रामीणों ने बमुश्किल रेस्क्यू कर बाहर निकाला।