उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में एक युवक का शव लहूलुहान शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस युवक का फोटो सोशल मीडिया के जरिए अपलोड कराकर पहचान कराने में जुटी है। मृतक के सिर पर चोट के निशान मिले हैं।
सहारनपुर देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव शंकलापुरी स्थित खेत में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। युवक के सिर पर चोट के निशान है, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। शव के पास न तो कोई पहचान पत्र मिला है और न ही अन्य कोई अहम सुराग, जिससे मृतक की पहचान हो सके।
विज्ञापन
पुलिस ने बताया कि युवक की उम्र लगभग 25 साल के आसपास है और उसने नीली शर्ट तथा जैकेट पहन रखी है, लेकिन उसके पैरों में न तो चप्पल थे और न ही जूते। मृतक नंगे पैर खेत में पड़ा हुआ था।
पुलिस ने शव की पहचान के लिए युवक की फोटो सोशल मीडिया पर डाली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह का पता चल सकेगा। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है।