कुंडा कला पुलिस चौकी पर विरोध दर्ज कराते ग्रामीण और महिला नेत्री। श्रोत ग्रामीण
गंगोह। घरेलू विवाद में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के नामजदों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस चौकी पहुंची भाजपा से जुड़ी महिला और पुलिसकर्मियों के बीच नोकझोंक होने के दौरान महिला का मोबाइल टूट गया। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस चौकी पर हंगामा कर दिया। मामला तूल पकड़ता देख पुलिस ने लाठियां फटकार कर भीड़ को चौकी से दौड़ा दिया। इससे क्षुब्ध महिला अपनी एक सहयोगी के साथ पुलिसकर्मियों को निलंबित करने की मांग को लेकर चौकी पर धरने पर बैठ गई।
गंगोह कोतवाली के गांव इस्सोपुर करालटी में किसी घरेलू विवाद को लेकर भाजपा से जुड़ी कविता और कोमल मंगलवार देर शाम कुंडा कला पुलिस चौकी गई थी। आरोप है कि वहां चौकी प्रभारी ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया। इस दौरान एक महिला ने इस पूरे प्रकरण की वीडियो बना ली। आरोप है कि वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने महिला का मोबाइल छीन कर तोड़ दिया। इससे मामला तूल पकड़ गया। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए। ग्रामीणों का हंगामा बढ़ते देख सूचना पर गंगोह कोतवाली के साथ ही आस पास के थानों से भी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने भीड़ को तितर बितर करने के लिए लाठियां फटकारीं। इससे ग्रामीण तो भाग गए, लेकिन महिलाओं ने पुलिस चौकी पर धरना शुरू कर दिया। उनकी मांग थी कि पुलिस चौकी इंचार्ज सहित लाठी चार्ज करने वाले पुलिसकर्मियों को निलंबित किया जाए। देर रात तक महिलाएं कुंडा कला पुलिस चौकी पर धरने पर बैठी थी।
उधर, एसएसपी डाॅ. विपिन ताडा ने बताया कि महिला पारिवारिक विवाद को लेकर दर्ज कराई गई रिपोर्ट में तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों के साथ चौकी पर पहुंची थी। वहां अंधेरे का लाभ उठा कर कुछ लोगों ने उपद्रव करने का प्रयास किया जिनकी वीडियोग्राफी कराई गई है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।