सहारनपुर। अनुबंधित बस योजना को लेकर परिवहन निगम जोर शोर से कवायद कर रहा है। सहारनपुर परिवहन निगम परिक्षेत्र में कुल 400 बसों को अनुबंधित किया जाना है। इसमें निगम पांच साल पुरानी बसों का भी अनुबंध करेगा।
क्षेत्रीय प्रबंधक अनिल कुमार ने बताया कि मुख्यालय से निर्देश मिले हैं कि अधिक से अधिक बसों को अनुबंधित कर चलाया जाए। इसलिए अनुबंध बस योजना के तहत नई और पुरानी बसों को शामिल जाएगा। उन्होंने बताया कि इस योजना से पूर्व केवल 70 किलोमीटर तक के मार्ग की दूरी में बस लगाई जा सकती थी, लेकिन अब 150 किलोमीटर तक की दूरी में बसें लगेंगी। पूर्व के कई प्रतिबंधित मार्ग पर भी नई योजना में बस लगाई जा सकती है। अंतरराज्यीय मार्गों पर भी लगाई जाएंगी। साधारण, बीएस-4, बीएस-6 बसों को अनुबंध किया जाएगा। टैक्स एवं प्रशासनिक शुल्क के अलावा सभी आय बस स्वामी की होगी। परिचालक को निगम द्वारा रखा जाएगा। डीजल, चालक और मेंटीनेंस बस स्वामी स्वयं वहन करेंगे।