सहारनपुर। नगर निगम परिसर में मंगलवार को आयोजित जन सुनवाई शिविर में नगर आयुक्त गजल भारद्वाज और अन्य विभागों के अधिकारियों ने जन समस्याएं सुनीं। हालांकि त्योहारों के कारण मंगलवार को कम ही फरियादी पहुंचे।
बेहट रोड घास कांटा के दुकानदार पंकज गुप्ता दुकान के सामने टूटे नाले की शिकायत लेकर पहुंचे। उन्होंने नगर आयुक्त को बताया कि नाला टूटा होने की वजह से नाले का पानी उनकी दुकान के बेसमेंट में जा रहा है। इससे उन्हें परेशानी हो रही है। नगरायुक्त ने नाला दुरुस्त कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए। वार्ड 49 की पार्षद जमा परवीन के प्रतिनिधि सईद सिद्दीकी ने भी मोहल्ला मुफ्ती, मोहल्ला मुबारक शाह व मोहल्ला झोट्टे वाला में नालियों और पुलिया का निर्माण तथा सड़कों में गड्ढे भरवाने की मांग की। हसन कॉलोनी निवासी शरीफ अहमद ने भी पुलिया की मरम्मत के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया। निर्माण संबंधी उक्त सभी कार्यों के लिए नगरायुक्त गजल भारद्वाज ने क्षेत्रीय अभियंता को स्थलीय निरीक्षण कर आगणन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
खालापार निवासी राकेश मदान ने अतिक्रमण के संबंध में शिकायत की, जिस पर अधिकारियों ने बताया कि उक्त भूमि विवादित है और मामला न्यायालय में विचाराधीन है, इसलिए कोई भी कार्रवाई किया जाना इस समय संभव नहीं है। जन सुनवाई में अपर नगर आयुक्त राजेश यादव, सहायक अभियंता निर्माण दानिश नकवी, प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल बीएस नेगी सहित अनेक अधिकारी मौजूद रहे।