सहारनपुर में अंबाला रोड़ बस अड़डे से दिल्ली के लिये जाते बसे
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। कोरोना काल में पांच महीने बाद बाहरी राज्यों के लिए रोडवेज बसों का संचालन शुरू हो गया है। रोडवेज के सहारनपुर डिपो ने इसकी शुरूआत दिल्ली के लिए बस सेवा से की है। डिपो की ओर से इस रूट पर फिलहाल 11 बसों का संचालन किया जा रहा है। यात्रियों की मांग और संख्या के आधार पर परिवर्तन किया जाएगा। ये बसें शामली होकर जाएंगी। इसके अलावा हरियाणा और राजस्थान के लिए शुक्रवार से बसों का संचालन शुरू किया जाएगा, जबकि उत्तराखंड के लिए संचालन की अनुमति का अभी इंतजार है।
कोरोना संक्रमण के बाद से अब तक केवल सूबे के शहरों में ही रोडवेज बस संचालन की अनुमति दी गई थी। इसके चलते रोडवेज बसें पड़ोसी राज्य उत्तराखंड के अलावा दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान सहित अन्य राज्यों की ओर नहीं जा पा रही थीं। इसके चलते मौजूदा समय में चल रही बसों में यात्रियों की संख्या भी सीमित रही। अनलॉक चार में कोरोना की बंदिशें कम होने और साप्ताहिक लॉकडाउन भी खत्म किए जाने के बाद शासन से दूसरे राज्यों के लिए बसें संचालित कराने की मांग की जा रही थी।
रोडवेज के क्षेत्रीय सहायक प्रबंधक जगदीश सिंह ने बताया कि फिलहाल शासन स्तर पर दिल्ली, राजस्थान और हरियाणा के लिए बस संचालन की अनुमति मिली है। इसके बाद बृहस्पतिवार को सहारनपुर से दिल्ली के लिए रोडवेज बसें संचालित की गई हैं। शुरूआत में 11 बसों को वाया शामली संचालित किया जा रहा है। शुक्रवार को हरियाणा के शहरों के लिए 16 और राजस्थान के शहरों के लिए आठ या दस बसें संचालित की जा सकती हैं।
उत्तराखंड में बस संचालन की सबसे अधिक मांग
- कोरोना काल की बंदिशें कम होने के बाद यात्रियों से लेकर रोडवेज अफसर तक उत्तराखंड में बस संचालन शुरू करने की सबसे अधिक मांग करते रहे हैं। इसकी वजह यह है कि यहां से काफी संख्या में लोग इस पड़ोसी राज्य के हरिद्वार, देहरादून, ऋषिकेश, रुड़की सहित अन्य शहरों में जाते हैं। इसी राज्य से रोडवेज को अन्य प्रदेशों के मुकाबले अधिक राजस्व मिलता है। इसलिए इसकी मांग ज्यादा रहती है।