लखनौता में टूटा पड़ा कलाल्हटी-धलावली मार्ग।
सहारनपुर। दो दिन की बारिश में जिले भर की कई सड़कें उखड़ गईं। इनमें महानगर की बाहरी कॉलोनियों की सड़कों के अलावा देहात के संपर्क मार्ग भी शामिल हैं। टूटी सड़कों से राहगीरों को परेशानी हो रही है।
जनपद में पहले ही संपर्क मार्गों की हालत खराब है। लोक निर्माण विभाग ने करीब तीन महीने पहले 52 ऐसी सड़कें चिह्नित की थीं, जो तीन साल से अधिक पुरानी हैं। इनको बनाने के लिए विभाग की ओर से शासन को प्रस्ताव भेजा गया था। फिलहाल इनमें से कई सड़कों का निर्माण हो चुका है, जबकि अब भी कईं सड़कें ऐसी हैं, जिनको बनाने या मरम्मत की जरूरत है। दो दिन की बारिश में तीन साल पुरानी और जर्जर सड़कों की हालत और खराब हुई है।
पुराना कलसिया रोड पर गांव बिशनपुर, ज्ञानागढ़ के बीच सड़क जगह जगह से टूट गई है। शकलापुरी मार्ग पर चलना मुश्किल हो रहा है। शकलापुरी मार्ग से तोता चौक की ओर आने वाला करीब 500 मीटर का मार्ग टूट चुका है। उधर, देहात की बात करें तो साढ़ौली कदीम की कई सड़कें टूट चुकी हैं। चिलकाना-गंदेवड़ मार्ग को दो माह पहले गड्ढा मुक्त किया गया था, जिसके गड्ढे फिर से निकल आए हैं। राहगीरों को चलने में परेशानी हो रही है। देवबंद में चिराऊं-रणखंडी मार्ग की बजरी उखड़ चुकी हैं, जिन पर हादसे होने का खतरा बना हुआ है। लखनौती में कलालहटी से ढलावली तक सड़क टूटी पड़ी है। बरसात में सड़क की हालत चलने लायक नहीं बची है।