गंगोह/तीतरों। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को जनपद में दो जनसभाएं कीं। पहली जनसभा कैराना लोकसभा क्षेत्र के गंगोह में और दूसरी सहारनपुर लोकसभा क्षेत्र के बड़गांव में हुई, लेकिन दोनों ही जनसभाओं के बैनर और भाषण अलग अलग नजर आए। यानी जैसा माहौल वैसा भाषण दिया गया। योगी ने कहा कि आरएलडी का नल और भाजपा का कमल नई फसल उगाएंगे।
गंगोह में हुई जनसभा में मंच पर पीछे लगे बड़े बैनर पर मोदी, जेपी नड्डा के साथ आरएलडी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी की बड़ी फोटो नजर आई। इतना ही नहीं, बैनर पर प्रत्याशी प्रदीप चौधरी की फोटो के नीचे बीजेपी और आरएलडी संयुक्त प्रत्याशी लिखा था। मंच के बीचोंबीच फ्रंट पर भी बीजेपी और आरएलडी संयुक्त प्रत्याशी लिखा गया था। योगी आदित्यनाथ ने चौधरी चरण सिंह को किसानों का मसीहा बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने उन्हें देश का सर्वोच्च सम्मान दिया है।
उधर, बड़गांव की रैली में बैनर से आरएलडी और भाषण से चौधरी चरण सिंह गायब रहे। जनसभा में कैबिनेट मंत्री, लक्ष्मीनारायण चौधरी, राज्यमंत्री जसवंत सैनी, पूर्व मंत्री सुरेश राणा, एमएलसी वीरेंद्र सिंह, विधायक मुकेश चौधरी, विधायक किरत सिंह, मोहित बेनीवाल, जिला पंचायत चेयरमैन चौधरी मांगेराम, साहब सिंह सैनी, जिलाध्यक्ष डॉ. महेंद्र सिंह सैनी, राज सिंह माजरा, पूर्व विधायक महिपाल माजरा, शिव कुमार गुप्ता, अजीत राणा आदि मौजूद रहे।
प्रदीप चौधरी ने मांगी माफी
योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में कैराना प्रत्याशी प्रदीप चौधरी ने कहा कि बीते पांच साल में वह सबको साथ लेकर चले हैं। इस दौरान यदि उनसे कोई गलती हुई हो तो वह माफी चाहते हैं। बता दें कि बीते करीब दो माह में प्रदीप चौधरी को अनेक जगहों पर जनता के विरोध का सामना करना पड़ा है।
बाजार बंद कराए, खुला रहा शराब का ठेका
गंगोह में जिस मार्ग से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का काफिला गुजरकर जनसभा स्थल तक पहुंचना था। पुलिस ने वहां करीब डेढ़ घंटा पहले ही सभी दुकानें बंद करा दी थी, लेकिन कॉर्नर पर शराब का ठेका खुला नजर आया, जहां लोग शराब की खरीदारी करते नजर आए।