छुटमलपुर (सहारनपुर)। चोरों ने भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष के घर से लाइसेंसी रिवाल्वर, 30 कारतूस और 70 हजार रुपये नगदी चोरी की। साथ ही चोर उनके पड़ोसी के घर से भी सोने के जेवर और कापर का तार चुराकर ले गए। पुलिस ने घटनास्थल के पास ही मकान की छत से तार बरामद किया। पुलिस ने पूछताछ के लिए एक युवक को हिरासत में लिया है।
कस्बा छुटमलपुर की पंजाबी कॉलोनी में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष बिजेंद्र कश्यप का मकान है। वहां वे अपने पिता और भाइयों के साथ परिवार सहित रहते हैं। शुक्रवार की रात में घर में घुसे चोरों ने उनके भतीजे राहुल कश्यप के कमरे से अलमारी में रखा लाइसेंसी 32 बोर का लाइसेंसी रिवाल्वर, करीब 30 कारतूस, मोबाइल फोन और 70 हजार रुपये नगद चोरी किए। साथ ही मायावाली गली निवासी फुरकान अहमद के घर से कापर के तार और एक जोड़ी सोने के कुंडल चोरी किए। शनिवार सुबह जागने पर दोनों परिवारों को चोरी का पता चला। इसके बाद थाना फतेहपुर पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंचे एसओ मनोज चौधरी ने पीड़ितों से बातचीत करने के साथ ही आसपास के घरों की छतों पर छानबीन की तो, बिजेंद्र कश्यप के बगल वाले मकान की छत से तारों के बंडल और मोबाइल फोन मिल गया। पुलिस ने इस मकान में रहने वाले एक किराएदार को हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ चल रही है। उधर, थानाध्यक्ष मनोज चौधरी ने बताया रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।