बेहट (सहारनपुर)। आबकारी निरीक्षक ने भाजपा नेता पर गाली-गलौज, धमकी देने, सरकारी कागज छीनने और पत्थर उठाकर हमला करने का आरोप लगाते हुए बेहट कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
आबकारी निरीक्षक मनोज शर्मा ने बताया कि शनिवार को वह निरीक्षक पंकज सिंह व हमराही सिपाही बलवीर सिंह के साथ बेहट में शराब की दुकानों की चेकिंग करने आए थे। यहां उन्होंने अंग्रेजी शराब के ठेके पर टेस्ट परचेज कराया तो सेल्समैन ने शराब के पव्वे पर 10 रुपये ओवर रेट लिया। उन्होंने इस पर कार्रवाई शुरू की तो इसी दौरान ठेके के अनुज्ञापी के भाई संजीव कर्णवाल वहां पर पहुंचे और उन्होंने उनके साथ गाली गलौज करते हुए धमकी दी। आरोप है कि सरकारी कागज छीनने का प्रयास करते हुए उन पर पत्थर उठाकर हमला किया। पुलिस ने आबकारी निरीक्षक की तहरीर पर आरोपी भाजपा नेता संजीव कर्णवाल के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।