गंगोह कोतवाली में तहरीर दिखाते कोतवाली पहुंचे वाल्मीकि युवक
- फोटो : SAHARANPUR
गंगोह (सहारनपुर)। स्पीड ब्रेकर तोड़े जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। वाल्मीकि समाज के युवक नारेबाजी करते हुए कोतवाली पहुंचे, जहां उन्होंने आरोपी सपा नेता और उनके साथियों के खिलाफ तहरीर देकर एससी/एसटी एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कराई।
मोहल्ला मोहम्मद गोरी में बने स्पीड ब्रेकर पर बृहस्पतिवार को मोहल्ले की ही छोटी बच्ची बाइक से उछल कर गिरकर घायल हो गई थी। इस घटना के बाद देर शाम वाल्मीकि समाज के कुछ युवक स्पीड ब्रेकर को तोड़ने पहुंचे तो वहां अचानक पहुंचे सपा नेता इरफान अलीम से उनकी बहस हो गई। आरोप है कि सपा नेता ने समर्थकों के साथ मिल कर युवकों को मारा पीटा। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कर दिया था। शुक्रवार की सुबह वाल्मीकि समाज के युवक नारेबाजी करते हुए कोतवाली पहुंचे और तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। तहरीर में गत शाम की घटना का जिक्र करते हुए मारपीट करने और जाति सूचक शब्द कहने का आरोप लगाया। पुलिस ने प्रवीण वाल्मीकि की तहरीर पर इरफान अलीम व उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ मारपीट, गाली गलौज व जान से मारने की धमकी सहित एससी/एसटी एक्ट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली। कोतवाली प्रभारी भगवत सिंह का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। उसके बाद ही कार्रवाई की जाएगी।