नगर पंचायत के पूर्व ईओ और चेयरपर्सन प्रतिनिधि सहित चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
सहारनपुर। रामपुर मनिहारन नगर पंचायत के पूर्व अधिशासी अधिकारी और नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि सहित चार के खिलाफ धोखाधड़ी करने की रिपोर्ट दर्ज की गई है। इन पर ग्राम समाज की भूमि को अवैध रूप से नीलाम कर दुकान बनाने का आरोप है।
कोर्ट के आदेश पर थाना रामपुर मनिहारान में पूर्व ईओ रामचंद्र मौर्य, अनुज निवासी गांव मदनूकी, विवेककांत और दतौली निवासी रंजीता के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं रिपोर्ट दर्ज की गई है। गांव तेलीपुरा निवासी सेठपाल ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि रामपुर मनिहारन नगर पंचायत के पूर्व अधिशासी अधिकारी रामचंद्र मौर्य ने ऑनलाइन नीलामी दिखाकर ग्राम समाज की भूमि का अनुबंध रंजीता नाम की महिला के साथ किया, जिस पर नगर पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि विवेक कांत के साथी अनुज ने दुकानों का निर्माण कराया। उनका आरोप है कि ईओ को ऐसा करने का अधिकार नहीं था। एसडीएम और एसएसपी के यहां भी शिकायत की गई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई, उल्टे उस पर आरोपियों ने हमला कर अभद्रता की। एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।