सहारनपुर। जिला महिला अस्पताल के विशेष नवजात शिशु देखभाल (एसएनसीयू) वार्ड में अब नवजात शिशुओं को बेहतर सुविधा मिलेगी। मरम्मत का कार्य लगभग पूरा हो गया है। जल्द ही नवजात शिशु पीकू वार्ड से एसएनसीयू वार्ड में शिफ्ट होंगे। 14 की जगह 35 ऑक्सीजन प्वाइंट लगाए गए हैं।
समय से पहले जन्म, कम वजन, पीलिया सहित अन्य गंभीर बीमारी से ग्रसित नवजातों को इलाज के लिए एसएनसीयू में रखा जाता है। एसएनसीयू में जन्म से लेकर 28 दिन के शिशु भर्ती किए जाते है। 14 बेड एसएनसीयू में लगे हुए हैं। पिछले करीब तीन महीने से एसएनसीयू में काम चल रहा है, जो लगभग पूरा हो गया है। केवल पैनल लगने बाकी रह गए हैं। मरम्मत कर वार्ड का दायरा बढ़ाया गया है। अब भर्ती नवजात शिशुओं को कोई दिक्कत नहीं होगी। खास बात यह है कि अस्पताल प्रबंधन ने एसएनसीयू पर विशेष ध्यान दिया है। ऑक्सीजन के प्वांइट बढ़ाकर 35 कर दिए है, जबकि पहले इसमें 14 ही ऑक्सीजन प्वाइंट थे। कई बार अधिक नवजात शिशुओं के भर्ती होने से परेशानी बढ़ती थी।
जिला महिला अस्पताल सीएमएस डॉ. इंद्रा सिंह ने बताया कि एसएनसीयू में मरम्मत का पूरा कर लिया गया है। सोमवार को नवजात शिशु भर्ती होने शुरू हो जाएंगे।