बैंक्वेट हॉल में मिलाई सरकारी भूमि से हटाया कब्जा
सहारनपुर। तहसील सदर की टीम ने बुधवार को करीब 600 वर्ग मीटर सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराया।
एसडीएम सदर अनिल कुमार सिंह ने बताया कि अंबाला रोड स्थित चंद्रलोक बैंक्वेट हॉल के पास रूहाड़े (नाले) की जमीन है। बैंक्वेट हॉल के मालिकों मनजीत सिंह, प्रतिपाल सिंह, परमजीत सिंह, तेजपाल सिंह, सतेंद्रपाल सिंह और कमलजीत सिंह आदि ने नाले की करीब 600 वर्ग मीटर भूमि को अपनी चारदीवारी के अंदर लेकर अवैध कब्जा कर रखा था। तहसीलदार सदर की ओर से नोटिस दिए जाने के बाद भी कब्जे को नहीं हटाया गया। एसडीएम ने नायब तहसीलदार राहुल सिंह के नेतृत्व में टीम का गठन किया और अवैध कब्जा हटाने के निर्देश दिए। तहसील की टीम जेसीबी लेकर मौके पर पहुंची और नाले को घेरकर बनाई गई चारदीवारी को ध्वस्त कर दिया। सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों से तत्काल कब्जा हटाने के निर्देश दिए। चेतावनी दी कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कराने वालों के विरुद्ध जुर्माने के साथ साथ रिपोर्ट भी दर्ज कराई जाएगी। इस दौरान नायब तहसीलदार राहुल सिंह, राजस्व निरीक्षक वीरेंद्र सैनी, लेखपाल पंकज पंवार, अमित खटाना, नीरज पुण्डीर, थाना कुतुबशेर पुलिस मौजूद रही।