सहारनपुर। ईद-उल-अजहा और कांवड़ यात्रा के मद्देनजर महापौर डॉ. अजय कुमार और नगर आयुक्त गजल भारद्वाज ने बुधवार को ईदगाह और कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया। इसके अलावा उन्होंने पांवधोई नदी का भी भ्रमण किया। महापौर ने निगम अधिकारियों को पांवधोई को स्वच्छ बनाने तथा इसके किनारों पर बने निजी शौचालयों को हटवाने के निर्देश दिए। पांवधोई नदी के बीच में बनाए गए मंदिर और सभागार को हटाने और संबंधित समिति को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
महापौर और नगर आयुक्त बुधवार को ईद के मद्देनजर अंबाला रोड स्थित ईदगाह मैदान पर पहुंचे। उन्होंने ईदगाह में बारिश के कारण हुए जलभराव को पंप लगवाकर निकलवाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने ईदगाह से ही शहर काजी नदीम अख्तर से फोन पर बात की और व्यवस्थाओं के संबंध में चर्चा की। इसके बाद कांवड़ यात्रा को लेकर महानगर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। भैरों मंदिर के पास लोगों द्वारा पिलर हटाकर रास्ता बना लेने को लेकर वह नाराज हुए और दीवार बनाकर रास्ता बंद करने को कहा।
जेल चुंगी, नवाबगंज रोड स्थित ढमोला पुल क्षेत्र का भी निरीक्षण किया और ढमोला नदी की सफाई के लिए सिंचाई विभाग को पत्र लिखने को कहा। महापौर डॉ. अजय कुमार नगरायुक्त और निगम के अन्य अधिकारियों के साथ धोबीघाट पुल पहुंचे और नदी के किनारों पर उग आईं झाड़ियों को हटाने को कहा। नदी की नियमित सफाई और किनारों पर बने निजी शौचालय हटाने के निर्देश दिए। पांवधोई नदी के बीच बने मंदिर और एक बड़ा भवन बना देख वह हैरान रह गए। उन्होंने निगम अधिकारियों को अतिक्रमण को हटाकर नदी प्रवाह रोकने के लिए मंदिर कमेटी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर नगरायुक्त राजेश यादव, सहायक नगरायुक्त अशोक प्रिय गौतम, अधिशासी अभियंता निर्माण आलोक श्रीवास्तव, जेडएसओ राजीव आदि मौजूद रहे।