सहारनपुर के बेहट बस स्टैंड स्थित मूंगागढ़ कालोनी में मीटरों के लिए खंभे पर बॉक्स लगवाते बिजली
सहारनपुर। बिजली चोरी रोकने के लिए विद्युत निगम घरों के बाहर से मीटर को उतारकर खंभे पर बॉक्स में शिफ्ट करने का काम कर रहा है। सोमवार को अधिशासी अभियंता अमित कुमार श्रीवास्तव ने टीम के साथ बिजली मीटरों को बॉक्स में शिफ्ट कराया, ताकि बिजली चोरी को रोका जा सके। हालांकि, कुछ लोगों ने इसका विरोध भी किया।
विद्युत नगरीय वितरण खंड के अधिशासी अभियंता द्वितीय अमित कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बेहट बस स्टैंड स्थित मूंगागढ़ में उपभोक्ता बिजली चोरी करने से बाज नहीं आ रहे हैं। सोमवार को विद्युत निगम की टीम ने पुलिस को साथ लेकर गली के बाहर तिराहे पर स्थित एलटीडीबी बॉक्स में मीटर शिफ्ट किए। इसके अलावा तारों को भी हटाया गया। इस पर लगभग 24 लोगों ने नए कनेक्शन के लिए आवेदन किया। उन्होंने बताया कि उक्त क्षेत्र में लाइस लॉस लगभग 50 फीसदी था और लोग मुकदमा दर्ज होने पर भी नहीं सुधर रहे थे। इसलिए मीटरों को खंभे पर बॉक्स में लगाया जा रहा है। मूंगागढ़ में नौ बॉक्स खंभे पर लगाए गए हैं।