सहारनपुर। कोरोना कर्फ्यू के चौथे दिन सब्जियों की दुकानें खुलने से लोगों को राहत मिली। चिकित्सकों के क्लीनिक के बाहर जमकर शारीरिक दूरी का उल्लंघन किया जा रहा है। आवश्यक सेवाएं खुली रही और खूब आवाजाही रही। पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाकर 200 से अधिक चालान काटे हैं।
शहर के घंटाघर पर पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया और बेवजह घूम रहे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की, जबकि नेहरू मार्केट, शहीद गंज बाजार, लोहानी सराय, तिब्बती मार्केट, मोरगंज बाजार शहीद गंज बाजार, चौक फव्वारा, कोर्ट रोड सहित शहर के सभी बाजार बंद रहे। इन जगहों पर मेडिकल स्टोर, डेयरी और चिकित्सकों के क्लीनिक खुले रहे, लेकिन बाजोरिया रोड पर शारीरिक दूरी का जमकर उल्लंघन हुआ है। चिकित्सकों के क्लीनिकों के बाहर लोगों की भारी भीड़ रही और पुलिस ने भी शारीरिक दूरी का पालन नहीं कराया।
वहीं, धार्मिक स्थल बंद रहे। मंदिरों में वहां के पुजारियों और मस्जिदों में सिर्फ वहां के जिम्मेदार लोगों ने ही नमाज अदा की। एसपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि कोरोना कर्फ्यू का पूरी तरह पालन कराया जा रहा है। पुलिस की ओर से चेकिंग अभियान भी चलाया जा रहा है। बेवजह घूमने वाले और मास्क नहीं लगाने वाले लोगों के चालान भी किए गए।
खुलें किराने की दुकानें, न हो कालाबाजारी
सहारनपुर। लोगों की मांग है कि आवश्यक सेवाओं में किराना की दुकानों को भी शामिल किया जाए। हर वार्ड में कुछ-कुछ जगहों पर किराने की दुकानें खोली जाएं। भूतेश्वर नगर निवासी दीपक गुप्ता का कहना है कि किराने की दुकानें खुलनी चाहिए, लेकिन प्रशासन को रेट लिस्ट भी निर्धारित करनी चाहिए। ताकि कालाबाजारी न हो सके। जैन कॉलेज रोड निवासी राजेंद्र अग्रवाल ने भी किराने की दुकान खोले जाए जाने की मांग की है।