अल्पसंख्यक सीटों के लिए आज से जमा होंगे पंजीकरण फॉर्म
सहारनपुर। जेवी जैन कॉलेज में शैक्षणिक सत्र 2022-23 में स्नातकोत्तर स्तर की कक्षाओं में अल्पसंख्यक कोटे के दाखिले की प्रक्रिया चल रही है। विभिन्न पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए पंजीकरण फॉर्म आठ सितंबर से शुरू हो रहे हैं, जो 20 सितंबर तक जमा होंगे। फॉर्म किसी भी कार्य दिवस में सुबह 10:30 बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक जमा होंगे।
प्राचार्य प्रोफेसर वकुल बंसल ने बताया कि अल्पसंख्यक कोटे के अंतर्गत एमए (हिंदी, अंग्रेजी, इतिहास, राजनीति शास्त्र, समाजशास्त्र, संस्कृत, भूगोल, चित्रकला, अर्थशास्त्र), एमएससी (भौतिकी, रसायन एवं गणित) तथा एमकॉम प्रथम वर्ष में दाखिले होने हैं। इनके लिए पंजीकरण फॉर्म आठ से 20 सितंबर तक महाविद्यालय के परीक्षा विभाग के काउंटर नंबर सात और आठ पर जमा होंगे। पंजीकरण में जैन अभ्यर्थियों को प्राथमिकता रहेगी तथा जैन धर्म के अभ्यर्थियों के अनुपलब्ध होने की स्थिति में महाविद्यालय प्रबंध समिति द्वारा निर्धारित निम्नलिखित वरीयता क्रम में प्रवेश सुनिश्चित किए जाएंगे। खास बात यह है कि अभ्यर्थियों का मां शाकंभरी विश्वविद्यालय के पोर्टल पर पंजीकरण होना अनिवार्य है। उसके बाद ही महाविद्यालय सूचना केंद्र से पंजीकरण फार्म प्राप्त करते हुए काउंटर पर फॉर्म जमा कराना होगा।
--
महाविद्यालय द्वारा निर्धारित वरीयता
अल्पसंख्यक सीटों पर सबसे पहले जैन समाज के अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। उसके बाद क्रम के अनुसार महाविद्यालय स्टॉफ वार्ड, स्पोर्ट्स के छात्र-छात्राएं, सैन्य बल, अर्द्धसैनिक बल अथवा भूतपूर्व सैनिक, अर्द्धसैनिक बल के वार्ड, शारीरिक रूप से दिव्यांग (40 प्रतिशत एवं उससे अधिक), छात्राएं तथा रिक्त सीटों पर अन्य अभ्यर्थियों को मौका दिया जाएगा।