कार पर पलटा टैंकर और बिखरा हुआ शीरा।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर के देवबंद में रणखंडी रेलवे फाटक के समीप सोमवार को शीरे से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर कार पर गिर पड़ा। हादसे में जहां कार व एक बुग्गी क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं कार चालक समेत चार लोग घायल हो गई।
कार में फंसे लोगों को राहगीरों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और उपचार के सीएचसी में भर्ती कराया। वहीं सड़क पर भारी मात्रा में शीरा बिखर जाने से लोगों को घंटों परेशानी उठानी पड़ी।
सोमवार की सुबह करीब साढ़े आठ बजे तेज गति से आ रहा शीरे लेकर जा रहा टैंकर रणखंडी रेलवे फाटक के समीप मोड़ पर आते ही अनियंत्रित होकर वहां से गुजर रही कार पर पलट गया। जिससे कार के साथ-साथ एक बुग्गी भी क्षतिग्रस्त हो गई।
जिससे कार में सवार बरला निवासी अमित उसके दो बच्चे और एक महिला घायल हो गए। कार में फंसे गंभीर घायल अमित को मौके पर एकत्र लोगों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह बाहर निकाला।
जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से टैंकर को सड़क से हटवाया। सड़क पर भारी मात्रा में शीरा बिखर जाने से घंटों राहगीर भी परेशान रहे।
कई बाइक सवार तो शीरा में फिसलने से चोटिल भी हो गए। गंभीर घायल अमित को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।