सहारनपुर। जिला महिला अस्पताल में आयुष्मान कार्ड धारक से प्रसव के नाम पर रुपये की वसूली की गई है। ऑपरेशन ठीक से नहीं होने के कारण पत्नी का इलाज बाहर कराना पड़ा, इसके लिए उसे अपना घर तक गिरवी रखना पड़ा। पीड़ित ने सीएमओ को पत्र लिखकर कर्मचारियों की नाम सहित शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है। न्याय नहीं मिलने पर आत्महत्या तक करने की चेतावनी दी है।
गांव ज्ञानागढ़ निवासी मांगेराम ने शिकायत पत्र में बताया कि 13 मार्च 2021 को उसने अपनी पत्नी सोनिया को प्रसव पीड़ा के चलते जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया। ऑपरेशन से उसकी पत्नी ने बेटे को जन्म दिया। आरोप है कि डॉक्टरों की लापरवाही से क्लोट्स पेट ही में रह गए थे। आरोप है कि इलाज के नाम पर 3000 रुपये लिए गए। उसने आयुष्मान कार्ड भी दिखाया, लेकिन उसे भी नहीं माना गया। पत्नी की तबीयत बिगड़ रही थी। ऐसे में डॉक्टरों ने उसे बाहर ले जाने की सलाह दी। मजबूरी में वह पत्नी को प्राइवेट डॉक्टर के पास ले गया, वहां इलाज का खर्च उठाने में उसको अपना घर गिरवी रखना पड़ा है।
आरोप है कि वह करीब एक माह जिला महिला अस्पताल में रहा। वहां अन्य महिलाओं से भी प्रसव और ऑपरेशन के नाम पर वसूली हो रही है। मांगेराम ने वसूली करने वाले कर्मचारियों की नाम सहित शिकायत सीएमओ डॉ. संजीव मांगलिक से की है और न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।
वर्जन
मामला संज्ञान में नहीं है। यदि पीड़ित की ओर से लिखित शिकायत मिलती है तो जांच कराई जाएगी। आरोप सिद्ध होने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई भी होगी। - डॉ. संजीव मांगलिक, सीएमओ।