सहारनपुर। महाराज सिंह कॉलेज के छात्र संघ चुनाव में एमए प्रथम सेमेेेेस्टर के छात्र राजन राणा ने 753 वोट प्राप्त कर अध्यक्ष पद पर विजयी हासिल की। उपाध्यक्ष पद पर बीए तृतीय वर्ष के दीपक कुमार, सचिव पद पर बीएससी तृतीय वर्ष के आकाश शर्मा, संयुक्त सचिव पद पर बीएससी तृतीय वर्ष के मंसूर अली और कोषाध्यक्ष पद पर एमए प्रथम सेमेस्टर के श्यामलाल ने जीत हासिल की।
रविवार को कॉलेज परिसर में शुरू मतदान प्रक्रिया सुबह से दोपहर दो बजे तक चली। इसमें कुल 2805 मत में से 1280 मत पड़े। 776 वोट छात्राओं और 504 वोट छात्रों ने डाले। कुल मतदान प्रतिशत 45.63 प्रतिशत रहा। पहले दो घंटे में मतदान प्रतिशत 17 प्रतिशत रहा। लेकिन बाद के तीन घंटे में यह प्रतिशत बढ़कर 45.63 प्रतिशत पर पहुंच गया। दोपहर दो बजे तक चले मतदान के बाद मतगणना की प्रक्रिया शुरू हुई।
मतगणना के पश्चात मुख्य चुनाव प्रभारी डा. कंचन कुमार डे ने चुनाव परिणाम की घोषणा की। प्राचार्य डा. अशोक कुमार डिमरी, चुनाव अधिकारी कंचन कुमार डे और प्रेस प्रवक्ता डा. अजय शर्मा ने विजयी प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र देकर शुभकामनाएं दी। इस दौरान चुनाव कमेटी के डा. सुभाष चंद, डा. अरुण कुमार गुप्ता, डा. अजय कुमार शर्मा, डा. संजय कुमार, डा. दिनकर मलिक, डा. राम विनय, चीफ प्रॉक्टर डा. पूनम त्यागी, डा. दीपा चौहान, रामकुमार, डा. आरबीएस रावत, डा. कपिल वत्स, अरुण कुमार गुप्ता, सुरेश कुमार गुप्ता, रामबीर यादव, मुकेश कुमार आदि का सहयोग रहा। उधर, जीत के बाद राजन राणा और उनके समर्थक छात्रों ने जीत का जश्न मनाया।
मुन्नालाल कॉलेज में आज होंगे नामांकन ः सहारनपुर। महाराज सिंह कॉलेज के बाद सोमवार से यह प्रक्रिया मुन्नालाल एंव जयनारायण खेमका गर्ल्स कॉलेज में शुरू हो जाएगी। महाविद्यालय में आज नामांकन प्रक्रिया संपन्न होगी। कॉलेज में मतदान 21 दिसंबर को होंगे।
चुनाव का परिणाम
पद विजयी प्रत्याशी प्राप्त मत पराजित प्रत्याशी प्राप्त मत
अध्यक्ष राजन राणा 753 लोकेश कुमार 485
उपाध्यक्ष दीपक कुमार 740 सागर कुमार 491
सचिव आकाश शर्मा 791 शीबा परवीन 451
संयुक्त सचिव मंसूर अली 755 विशु कुमार 482
कोषाध्यक्ष श्यामलाल 780 संजय कुमार 460