सहारनपुर। दो दिन से हो रही बारिश और ओलावृष्टि से गेहूं सहित अनेक फसलों को भारी नुकसान हुआ है। इसे लेकर जनपद के किसान टेंशन में हैं। वहीं महानगर के अनेक क्षेत्रों में जलभराव नागरिकों के लिए समस्या बना। उधर, मौसम में हल्की ठंडक बढ़ी है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे मौसम के ऐसे ही बने रहने का अनुमान जताया है।
जनपद में रविवार की सुबह आसमान काली घटाओं से घिरा रहा। सुबह करीब नौ बजे हल्की बूंदाबांदी रही। अपराह्न तीन बजे फिर से जनपद के कई क्षेत्रों में झमाझम बारिश और ओलावृष्टि हुई। गागलहेड़ी क्षेत्र में अपराह्न 3:45 बजे के बारिश और ओलावृष्टि के साथ ही तेज हवा चली। दो दिन से हो रही बारिश, ओलावृष्टि और हवा चलने से गेहूं की फसल गिर चुकी है। कई जगह सरसों की फसल को भी नुकसान हुआ है। इसके अलावा सब्जियां भी खराब हुई हैं। केवल गन्ने की फसल को बारिश से लाभ बताया जा रहा है। गेहूं, सरसों और सब्जियों की फसल उगा रहे किसान टेंशन में हैं। उधर, बारिश से महानगर में भी जलभराव की समस्या पैदा हुई है। महानगर के निचले क्षेत्रों में जहां जल निकासी की सुविधा नहीं है। वहां जलभराव है। इनमें नंदपुरी कॉलोनी, प्रकाश लोक कॉलोनी, रामविहार कॉलोनी, विस्लन का बाग कॉलोनी आदि शामिल हैं।
किसानों की पीड़ा
-गांव गोविंदपुर के किसान सुरेंद्र ने बताया कि उसकी करीब 40 बीघा गेहूं की फसल बिछ गई है। इससे गेहूं का दाना कमजोर रहेगा, जिससे उत्पादन पर असर पड़ेगा और किसान की आय प्रभावित होगी।
-गांव ढिक्का कलां के किसान गालिब का कहना है की बरसात के कारण गेहूं की फसल के साथ-साथ आम की फसल को भी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने बताया कि उनके बाग में आम का बोर ओलों की वजह से झड़ गया।
-गांव शकरूल्लापुर के किसान रवि चौधरी ने बताया कि किसान पहले ही परेशान है, लेकिन अब बारिश ने गेहूं के साथ ही सरसों की फसल को भारी नुकसान पहुंचाया है। पूरी फसल गिर गई है, जिससे उत्पादन घटेगा।
-गांव भीक्खनपुर के किसान के अजय ने बताया कि वह छोटा काश्तकार है। बरसात ने उनकी वर्ष भर की मेहनत पर पानी फेर दिया है। गेहूं की फसल पूरी तरह बिछ गई है, जिसके खराब होने की आशंका है।
कई क्षेत्रों में रात भर ठप ही विद्युत आपूर्ति
शनिवार की रात बारिश और हवा के कारण जनपद के कई क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। महानगर के हकीमपुरा बिजलीघर से जुड़े बिशनपुरा फीडर की लाइन शाम 7:30 बजे से बंद रही, जो रविवार की दोपहर 12 बजे चालू हुई। जनपद के अन्य क्षेत्रों में भी रात भर बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिसकी वजह से लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा।