रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। रेलवे ने शारदीय नवरात्र, दीपावली, भैयादूज और छठ पर्व को देखते हुए स्पेशल ट्रेनों की घोषणा कर दी है। यह स्पेशल ट्रेनें 29 सितंबर से शुरू होगी, जो 15 नवंबर तक चलेंगी। ट्रेनें साप्ताहिक हैं और सहारनपुर से होकर गुजरेंगी।
अंबाला मंडल के वाणिज्य प्रबंधक हरिमोहन ने बताया कि ट्रेनों में शारदीय नवरात्रों में मां वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ अधिक रहती है। दीपावली, भैयादूज और छठ पर्व पर भी ट्रेनों में पैर रखने तक की जगह नहीं मिलती। त्योहारों के मद्देनजर स्पेशल ट्रेनों का चलाने का निर्णय लिया गया है। इन स्पेशल ट्रेनों के चलने से यात्रियों को सफर आसान होगा। साथ ही वेटिंग से भी राहत मिलेगी।
यह भी पढ़ें: शाकंभरी देवी हादसा: तीन संग्रह अमीनों का वेतन रोकने के आदेश, दिए गए आरोप पत्र
ट्रेनों के चलने का समय
- ट्रेन नंबर 01671 आनंद विहार टर्मिनल से 17 अक्तूबर से 10 नवंबर तक चलेगी। यह ट्रेन आनंद विहार से रात 11 बजे रवाना होगी और सहारनपुर में रात में ही 1:50 बजे पहुंचेगी। यहां से होती हुई श्री माता वैष्णो देवी कटरा अगले दिन दोपहर 12:30 बजे जाएगी।
- ट्रेन नंबर 01672 मां वैष्णो देवी कटरा से 18 अक्तूबर से 11 नवंबर तक चलाई जाएगी। यह कटरा से रात के 9:40 बजे रवाना होकर सहारनपुर में अगले दिन सुबह 7:30 बजे आएगी। सुबह 11:10 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी।
- ट्रेन नंबर 01654 श्री माता वैष्णो देवी कटरा-बनारस एक्सप्रेस कटरा से दो अक्तूबर से 13 नवंबर तक चलेगी। कटरा से चलने का समय रात 11:20 बजे है, जो सहारनपुर में अगले दिन सुबह 9:30 बजे आएगी।
- इसी तरह 01653 बनारस-मां वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस बनारस से चार अक्तूबर से शुरू होकर 15 नवंबर तक चलेगी। बनारस से सुबह 6:15 बजे चलकर सहारनपुर में रात 10:15 बजे आएगी।
- ट्रेन नंबर 01656 चंडीगढ़-गोरखपुर स्पेशल एक्सप्रेस चंडीगढ़ से 20 अक्तूबर से 10 नवंबर तक चलेगी। चंडीगढ़ से रात 11:20 बजे चलेगी और सहारनपुर में रात 2:20 बजे पहुंचेगी। ट्रेन नंबर 01655 गोरखपुर से 21 अक्तूबर से 11 नवंबर तक रात 10:10 बजे चलेगी और सहारनपुर में अगले दिन सुबह 11:57 बजे आएगी।
- ट्रेन नंबर 04646 जम्मूतवी-बरौनी स्पेशल एक्सप्रेस जम्मूतवी से 29 सितंबर से 10 नवंबर तक चलेगी। जम्मूतवी से सुबह 5:45 बजे रवाना होगी, जो सहारनपुर में दोपहर 2:20 बजे आएगी। इसी तरह 04645 बरौनी से 30 सितंबर से 11 नवंबर तक शाम चार बजे चलेगी और सहारनपुर में रात के 1:05 बजे आएगी।