सहारनपुर। कृषि विभाग की पांच टीमों ने जनपद में उर्वरकों की दुकानों पर छापे मारे। 63 दुकानों पर मारे गए छापों में जांच के लिए उर्वरकों के 20 नमूने लिए, जबकि एक दुकानदार का लाइसेंस निलंबित किया गया।
किसानों को सही गुणवत्ता एवं उचित मूल्य पर उर्वरक की उपलब्धता आदि को लेकर जिलाधिकारी मनीष बंसल ने पांच टीमों का गठन किया है। इन सभी को एक-एक तहसील आवंटित की गई है। मंगलवार को जिला कृषि अधिकारी कपिल कुमार मावी ने नकुड़, उप निदेशक कृषि डॉ. राकेश कुमार ने बेहट, जिला कृषि रक्षा अधिकारी शिप्रा ने देवबंद, सहायक निदेशक मृदा परीक्षण पवन कुमार विश्वकर्मा ने सदर और निरीक्षक राजवीर ने रामपुर मनिहारान तहसील में उर्वरक विक्रेताओं के यहां छापे मारे।
जिला कृषि अधिकारी कपिल कुमार मावी ने बताया कि सभी टीमों ने जिले में 63 उर्वरक विक्रेताओं की दुकानों पर छापे मारे। छापे के दौरान लिए गए 20 नमूनों को जांच के लिए भेजा जाएगा। दो दुकानदारों को चेतावनी दी गई और नकुड़ की एक दुकान का लाइसेंस निलंबित किया गया। दुकान पर बैठा व्यक्ति सही प्रपत्र नहीं दिखा सका। उन्होंने कहा कि छापों का अभियान जारी रहेगा। किसी भी सूरत में अधोमानक उर्वरक बिकने नहीं दिया जाएगा।