देवबंद में फ्लैग मार्च करते पुलिस और आरएएफ के जवान।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
देवबंद से पकड़े गए जैश-ए-मोहम्मद के संदिग्ध आतंकी के अलावा मदरसा छात्रों और बाहरी युवकों के बीच हुए संघर्ष जैसी घटनाओं को देखते हुए पुलिस प्रशासन के साथ ही खुफिया विभाग भी सतर्क हो गया है। माहौल भांपते हुए अद्धसैनिक बल की एक टुकड़ी भी देवबंद बुलाई गई है।
देवबंद पहुंचे आरएएफ के जवानों ने सोमवार की रात पुलिस के साथ मिलकर नगर में फ्लैगमार्च निकाला। रेलवे रोड से आरंभ हुआ फ्लैग मार्च सुभाष चौक, रणखंडी रोड, मजनूवाला रोड, सहारनपुर-मुजफ्फरनगर मार्ग के अलावा मेन बाजार, हनुमान चौक, कायस्थवाड़ा, मिश्रानी हवेली, एचएवी इंटर और तलहेड़ी चुंगी से होता हुआ मंगलौर पुलिस चौकी पर जाकर संपन्न हुआ।
कोतवाल विजय प्रकाश ने कहा कि नगर का माहौल बिगड़ने नहीं दिया जाएगा। छोटी-छोटी बातों पर माहौल बिगाड़ने की फिराक में लगे असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शासन के आदेश पर ही अग्रिम आदेश तक आरएएफ की बटालियन देवबंद में ही डेरा डाले रहेगी।
सीओ योगेंद्रपाल सिंह ने बताया कि पुलिस एवं खुफिया विभाग को भी सतर्कता बरतने के आदेश दिए गए हैं। बता दें कि इसी महीने के शुरू में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, एसटीएफ, देवबंद पुलिस ने जैश-ए-मोहम्मद के संदिग्ध आतंकी शाकिर अंसारी को गिरफ्तार किया था। जिसका कुछ लोगों द्वारा विरोध भी हुआ।
हाल ही में मदरसा छात्रों एवं बाहरी युवकों के बीच कंधा लगने को लेकर संघर्ष हो गया था। इनको को देखते हुए पुलिस प्रशासन और खुफिया विभाग अलर्ट है।