सहारनपुर। ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर नल, हर घर जल योजना के तहत शुद्ध पेयजल पहुंचाया जाएगा। इसके लिए 369 गांवों की सूची तैयार कर ली गई है। कार्यदायी संस्था की ओर से सर्वे किया जा रहा है, साथ ही गांवों में पाइप लाइन बिछाने के साथ ओवरहेड टैंक भी बनाए जाएंगे।
इस योजना के तहत वर्ष 2024 तक जनपद की 884 ग्राम पंचायतों के करीब 1325 गांवों में हर घर में शुद्ध पेयजल टंकियों और नल के माध्यम से पहुंचाया जाए। प्रथम श्रेणी में सांसद आदर्श और अनुुसूचित जाति बाहुल्य सहित 369 गांव चिह्नित किए गए। इन गांवों में रहने वाले प्रत्येक परिवार के घरों में टंकियां लगाने के लिए कार्यदायी संस्था द्वारा गांव की आबादी, परिवार के मुखिया का नाम, मोबाइल फोन नंबर, आधार कार्ड, परिवार के सदस्यों की संख्या का डाटा एकत्र किया जा रहा है। इसके पश्चात घर-घर तक पाइप लाइन पहुंचाने का कार्य शुरू किया जाएगा। जल निगम और लघु सिंचाई विभाग की ओर से कार्य कराया जाएगा। इसके साथ ही गांवों में कई जगहों पर बड़ेे टैंक भी स्थापित किए जाएंगे। शहर की तर्ज पर ही पानी की सप्लाई ग्रामीणों के घरों नलकूप के माध्यम से होगी।
ग्राम पंचायतों की रहेगी देेखरेख
पाइप लाइन बिछाने और नलकूप लगाने के बाद रख-रखाव की जिम्मेदारी ग्राम पंचायतों को दी जाएगी। ग्राम प्रधान, सचिव और ग्राम विकास अधिकारी देखरेख करेंगे। ताकि कहीं पर भी किसी तरह की समस्या न आए।
जिन गांवों का पानी दूषित, उन्हें दी जा रही प्राथमिकता
कार्यदायी संस्था द्वारा सर्वे कराया जा चुका है, जिन गांवों का पानी दूषित है, उनको प्राथमिकता दी जा रही है। ताकि ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सके। शुद्ध जल के लिए नलकूपों का बोरिंग होगा।
ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर शुद्धजल पहुंचाया जाएगा। इसको लेकर 369 गांवों को प्रथम श्रेणी में चिह्नित किया गया है, साथ ही सर्वे शुरू हो चुका है। -- प्रणय सिंह, मुख्य विकास अधिकारी