सहारनपुर के सड़क दूधली में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में शोभायात्रा न निकलने देने के विरोध में दलित समाज में भारी रोष है। घटना के विरोध स्वरूप नगर में दूसरे दिन भी डीएम व एसएसपी के पुतले फूंके गए।
रविवार को जाटव बस्ती स्थित रविदास मंदिर के सामने जाटव समाज के लोगों ने डीएम व एसएसपी के पुतले फूंक रोष जताया। लोगों ने कहा कि डीएम व एसएसपी समाज का विघटन करना चाहते हैं।
उन्होंने सरकार से सांसद राघव लखनपाल शर्मा और शोभायात्रा में पथराव करने वालों को तुरंत गिरफ्तार करने एवं रोकी गई शोभायात्रा को अविलंब निकलवाने की मांग की है।
पुतला दहन करने वालों में चंद्रपाल जाटव, सोनू जाटव, पवन, विशाल, ऋषभ, पप्पू, मिंटू आदि रहेे। मोहल्ला शाहजीलाल में खटीक समाज के लोगों ने पुलिस प्रशासन का पुतला फूंक रोष जताया।
लोगों ने कहा कि अगर भाजपा की सरकार में भी हमारे पूर्वजों का मान-सम्मान सुरक्षित नहीं हुआ तो कब होगा। इस प्रकरण में सांसद ने जो सहयोग दिया है उसके हम आभारी हैं।
शोभायात्रा में पथराव करने वालों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। साथ ही डीएम व एसएसपी को अविलंब बर्खास्त करने की सरकार कार्रवाई करे। इस मौके पर आलोक खटीक, रजनीश चौहान, हिमांशु, अरविंद कुमार, अरूण, विनोद, विशाल शर्मा, सचिन, अमित गर्ग, अमन आदि रहे।