बेहट के कासमपुर में जल निगम की पेयजल परियोजना पर प्रदर्शन करते ग्रामीण।
- फोटो : SAHARANPUR
बेहट (सहारनपुर)। जल निगम की कासमपुर स्थित पेयजल परियोजना से पिछले 15 दिन से विद्युत मोटर फूंकने के कारण पेयजल की आपूर्ति बंद पड़ी है। इससे कासमपुर सहित करीब छह गांवों में पेयजल का गंभीर संकट गहराया हुआ है। पानी की मांग को लेकर लोग सोमवार को पेयजल परियोजना पहुंचे और जल निगम के खिलाफ प्रदर्शन लिया। ग्रामीणों ने कहा शिकायत करने पर निगम के अधिकारी समस्या हल नहीं करा रहे हैं।
विकास खंड साढ़ौली क्षेत्र की ग्राम पंचायत कासमपुर में कासमपुर समेत नानूवाला, मोहिद्दीनपुर, नूरपुर भरवड़, सैनपुर, माजरी आदि छह गांवों के लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए जल निगम की पेयजल परियोजना स्थापित की। पिछले 15 दिन से परियोजना की विद्युत मोटर फूंकी हुई है, जिससे पेयजल की आपूर्ति बंद पड़ी है। समस्या के समाधान के लिए ग्रामीण कई बार जल निगम के अधिकारियों से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन ग्रामीणों की जब कोई सुनवाई नहीं हुई, तो सोमवार को ग्रामीण इकट्ठा होकर पेयजल परियोजना पर पहुंचे और निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कहा 15 दिन पहले परियोजना की विद्युत मोटर फूंक गई थी, तब से आज तक मोटर की मरम्मत नहीं कराई गई। प्रदर्शनकारियों में पूर्व प्रधान इनाम, अनिल राणा प्रधान प्रतिनिधि, वासिब, कांग्रेस नेता नसीम अहमद, जलालुद्दीन, अब्दुल रहमान सत्तार, अय्यूब, फुरकान, आलिम, मास्टर अनीस, तौफीक, धर्मवीर, महावीर राणा, इमरान आदि रहे।