चिलकाना के गांव बड़गांव में ग्रामीणों से बात करते एसडीएम सदर तथा एसपी सिटी।
- फोटो : SAHARANPUR
चिलकाना (सहारनपुर)। बड़गांव में मंदिर पर लाउडस्पीकर को लेकर दूसरे वर्ग के लोगों ने विरोध कर दिया। एसपी सिटी और एसडीएम सदर की मौजूदगी में भी समस्या का समाधान नहीं हो सका। दोनों पक्षों को पुलिस अधिकारियों ने रविवार को थाने पर बुलाया।
गांव बड़गांव में वर्ष 2013 में अस्थाई रूप से छप्पर डालकर नमाज पढ़ने तथा लाउडस्पीकर लगाने को लेकर विवाद हो गया था। उस वक्त पुलिस ने छप्परनुमा स्थान पर लगाए गए लाउडस्पीकर को उतरवा दिया था। दूसरे वर्ग के लोगों का कहना है कि उस समय मंदिर पर भी लगे लाउडस्पीकर को बंद करा दिया था। अब एक दिन पहले ही लोगों ने चिलकाना पुलिस को गांव के शिव मंदिर पर लाउडस्पीकर लगाकर दोनों समय आरती किए जाने की शिकायत की। शिकायत पर इंस्पेक्टर बीएस वर्मा गांव पहुंचे। साथ ही ग्रामीणों से यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए। रविवार दोपहर को एसपी सिटी विनीत भटनागर तथा एसडीएम सदर अनिल कुमार सिंह पुलिस फोर्स के साथ गांव में पहुंचे। दोनों पक्षों के लोगों से बात की। इस दौरान एक पक्ष के लोगों ने कहा कि वह लगातार मंदिर पर लाउडस्पीकर से आरती बजा रहे हैं। पुराना लाउडस्पीकर उतारकर 15 अगस्त को नया लाउडस्पीकर मंदिर पर लगाया गया था। जबकि दूसरे संप्रदाय के लोगों का कहना था कि मंदिर पर 2013 के बाद से लाउडस्पीकर नहीं बज रहा था। कुछ दिन पहले ही लाउडस्पीकर बजाना शुरू हुआ है। इसे बंद कराया जाए।
अधिकारियों ने दोनों पक्षों के साथ वार्ता की। लेकिन लाउडस्पीकर बजने का कोई भी लिखित साक्ष्य उपलब्ध नहीं हो पाया। दोनों अधिकारियों ने दोनों पक्षों को रविवार को थाने पर उपस्थित होने और मामले को निपटाने के निर्देश दिए। इस दौरान प्रधान प्रतिनिधि शिवचरण, प्रदुमन त्यागी, वीरेंद्र कांबोज,ओम सिंह, पप्पू, सुनील त्यागी, ओम कश्यप, योगेश, यासीन, मुरसलीन, शकील, चौकीदार शमशाद, एसएसआई इंद्रजीत सिंह, रोहताश सिंह आदि रहे।