दिल्ली रोड़ स्थित स्कूल पर स्कूल संचालक का पुतला फुंकते अभिभावक संघर्ष समिति
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। लॉकडाउन की अवधि की फीस माफी की मांग को लेकर अभिभावक संघर्ष समिति का धरना सोमवार को भी जारी रहा। इसके साथ ही स्कूल संचालक का पुतला फूंककर विरोध जताया।
हकीकतनगर स्थित रामलीला मैदान पर अध्यक्ष संजय वालिया के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने धरना दिया। इसके पश्चात पदाधिकारी और सपा कार्यकर्ताओं ने दिल्ली रोड स्थित एक स्कूल के बाहर स्कूल संचालक का पुतला फूंका और नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक तीन माह की फीस माफ नहीं होगी, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। सपा नेता फरहाद आलम ने कहा लॉकडाउन में जब स्कूल खुले ही नहीं तो अभिभावक फीस क्यों दे। लॉकडाउन की वजह से लोगों की आर्थिक स्थिति खराब हो चुकी है। उनके सामने रोजी-रोटी का भी संकट है। ऐसे में स्कूल संचालकों द्वारा उनका उत्पीड़न किया जा रहा है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान चौधरी सलीम अख्तर, राजू सुखीजा, रणबीर चौधरी, सहुुल, शाहरुख खान, फैसल अंसारी, रशीद, रामकुमार, बबलू कश्यप, मोनू कुमार, अमित तोमर आदि मौजूद रहे।