सहारनपुर। अतिक्रमण हटाने के लिए बाजारों में पहुंची नगर निगम की टीम को व्यापारियों के विरोध का भी सामना करना पड़ा। एक ओर जहां राकेश टाकीज के पास सामान जब्त करने को लेकर व्यापारियों ने विरोध जताया। वहीं 62 फुटा रोड पर व्यापारियों ने जुर्माना भरकर अपना सामान छुड़ाया।
बुधवार को जैसे ही नगर निगम की टीम जेसीबी लेकर अतिक्रमण हटाने 62 फुटा रोड पहुंची तो वहां अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। प्रवर्तन दल ने जेसीबी की मदद से सड़क पर पड़ा रेत बजरी उठाकर अपनी ट्रॉलियों में भरना शुरू किया तो व्यापारी इकट्ठा हो गए। उन्होंने अधिकारियों से वार्ता करने के बाद जुर्माना चुकाकर सामान छुड़ा लिया। निगम ने चेतावनी दी है कि यदि दोबारा अतिक्रमण किया तो सामान जब्त कर लिया जाएगा। इसके बाद निगम की टीम अतिक्रमण हटाने के लिए राकेश टाकीज के पीछे पहुंची। यहां जैसे ही सामान जब्त किया तो लोग विरोध में उतर आए। एक महिला द्वारा सड़क पर रखे गए गमलों को उठाने की कोशिश की गई तो वह विरोध में उतर आई। ऐसे में निगम अधिकारियों ने महिला टीम को मौके पर ले जाकर अतिक्रमण हटाने का निर्णय लिया है। प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल बीएस नेगी ने बताया कि 20 दुकानों के सासमने से अस्थायी अतिक्रमण हटाते हुए 39,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। अभियान के दौरान अतिक्रमण प्रभारी सुधीर शर्मा, प्रवर्तन दल के नरेश चंद, हेमराज, जगपाल, रणदीप, पवन, नबाबुद्दीन, प्रवीण आदि शामिल रहे।
------
पांवधोई पर वीडियो प्रोजेक्ट बनाएं इनाम पाएं
सहारनपुर। पांवधोई पर वीडियो-प्रोजेक्ट बनाने वालों को नगर निगम पुरस्कृत करेगा। नगर आयुक्त गजल भारद्वाज ने आह्वान किया है कि पांवधोई नदी को प्रदूूषण से मुक्त कराने के लिए जो भी व्यक्ति वीडियो, प्रोजेक्ट, पीपीटी आदि बनाकर देगा और वह प्रभावी लगा तो संबंधित को इनाम दिया जाएगा।