सहारनपुर। जेवी जैन काॅलेज सहारनपुर के प्राचार्य रहे प्रो. वकुल बंसल के मामले में मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय के कुलसचिव वीरेंद्र कुमार मौर्य ने प्रबंध समिति को पत्र लिखा है। इसमें प्रो. वकुल बंसल में दिए गए तथ्यों तथा विश्वविद्यालय अधिनियम में वर्णित नियमों के आधार पर सात दिन के भीतर कार्रवाई करने को कहा गया है।
दाखिलों में गड़बड़ी के मामले में 17 अगस्त 2023 को प्रबंध समिति द्वारा तत्कालीन प्राचार्य प्रो. वकुल बंसल को निलंबित कर दिया गया था। निलंबन के साथ ही प्रबंध समिति द्वारा जांच समिति गठित की गई थी, जिसमें अमित कुमार जैन को समिति संयोजक नियुक्त किया गया था। 17 अगस्त से अब तक करीब दस सप्ताह बीतने के बाद भी आज तक समिति ने आरोप पत्र नहीं दिया है। प्रो. बंसल का कहना है कि यदि चार सप्ताह के भीतर आरोप पत्र दाखिल नहीं होता है तो निलंबन आदेश स्वत: निरस्त हो जाता है।
राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम 1973 और मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय सहारनपुर एवं पैतृक विश्वविद्यालय चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ की धारा 49 भी यही कहती है। उनका कहना है कि वह निलंबन रद्द करने के लिए प्रबंध समिति को प्रत्यावेदन दे चुके हैं, लेकिन प्रबंध समिति मनमानी कर रही है। ऐसे में उन्हें कुलपति से न्याय की गुहार लगाई है। जिसके बाद कुलसचिव ने प्रबंध समिति को पत्र लिखकर सात दिन में जरूरी कार्रवाई करने को कहा है। उधर, प्रबंध सचिव मोहित जैन ने बताया कि आरोप पत्र दाखिल करने के लिए 90 दिन का समय होता है। समिति द्वारा की जा रही जांच के आधार पर ही कोई निर्णय लिया जाएगा।