बीएड के परिणाम में देरी पर घिरे निजी कॉलेज
सहारनपुर। बीएड परीक्षा का परिणाम जारी करने में देरी करने वाले कॉलेजों पर कार्रवाई हो सकती है। डीएम अखिलेश सिंह ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार को पत्र लिखकर कॉलेजों की भूमिका की जांच कराकर कार्रवाई करने को कहा है।
कुछ दिन पहले लॉर्ड कृष्णा फॉर एजुकेशन कॉलेज गागलहेड़ी और डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेमोरियल एजूकेशन संस्थान सुंदरपुर के बीएड के छात्र डीएम अखिलेश सिंह से मिले थे। छात्रों का आरोप था कि कॉलेज सत्र 2017-19 का परिणाम जारी नहीं कर रहे हैं। इसकी वजह से उनका करियर प्रभावित हो रहा है। छात्रों की पीड़ा को समझते हुए डीएम ने डीआईओएस डॉ. अरुण कुमार दूबे को जांच के निर्देश दिए थे। जांच में कॉलेजों ने बताया कि उन्होंने विद्यार्थियों के अभिलेख विश्वविद्यालय को समय से भेज दिए थे। कॉलेजों के स्तर से परिणाम में कोई देरी नहीं की जा रही है। इस संबंध में डीएम की ओर से विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार को पत्र लिखकर परिणाम जारी करने में हो रही देरी में दोनों कॉलेजों की भूमिका की जांच कर दोषी पाए जाने पर कार्रवाई करने को कहा है, साथ ही कार्रवाई से उनको भी अवगत कराने को कहा गया है।