सहारनपुर। प्रमुख सचिव (उच्च शिक्षा) डॉ. सुधीर एम बोबड़े ने शनिवार को मां शाकंभरी विश्वविद्यालय का निरीक्षण करते हुए निर्माण कार्यों का जायजा लिया। निर्माण कार्यों की धीमी गति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्यों में गुणवत्ता के साथ गति लाने के निर्देश दिए।
प्रमुख सचिव शनिवार की सुबह विश्वविद्यालय पहुंचे। उनके साथ जिला अधिकारी अखिलेश सिंह और एसडीएम सदर किंशुक श्रीवास्तव के साथ ही पीडब्ल्यूडी के अधिकारी और विश्वविद्यालय के अधिकारी भी रहे विश्वविद्यालय के लिए भवनों के निर्माण कार्य को मौके पर जाकर देखा। उन्होंने निर्माण की गति धीमी होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए गति बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके लिए उन्होंने मजदूरों की संख्या बढ़ाने को कहा। उन्होंने निर्माण विभाग के अधिकारियों से कहा कि आगामी दिनों में त्योहारों को देखते हुए मजदूरों को जरूरत के हिसाब से छुट्टी दी जाए। कोशिश यही रहनी चाहिए कि कार्य अधिक दिन प्रभावित न हो। निरीक्षण के बाद प्रमुख सचिव ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश और शासन की प्राथमिकता को ध्यान में रखते हुए वह विश्वविद्यालय का निरीक्षण करने आए हैं। उन्होंने कहा कि निर्माण में गति आ रही है और जो लक्ष्य निर्माण के लिए रखा गया है उसी की गति से काम चल रहा है। निरीक्षण के दौरान एसडीएम देवबंद संजीव कुमार भी मौजूद रहे।