-पद का दुरुपयोग करने और प्रवेश प्रक्रिया में अनियमिताएं बरतने पर हुई कार्रवाई
-प्रोफेसर हरिओम गुप्ता को प्राचार्य पद पर किया गया नियुक्त
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। अपने पद का दुरुपयोग करने और प्रवेश प्रक्रिया में अनियमिताएं बरतने पर जेवी जैन डिग्री कॉलेज के प्राचार्य पद पर तैनात रहे प्रोफेसर वकुल बंसल को निलंबित कर दिया गया है। उनके स्थान पर प्रोफेसर हरिओम गुप्ता प्राचार्य पद पर नियुक्त किए गए हैं।
चीफ प्रोक्टर प्रोफेसर संदीप गुप्ता ने बताया कि बृहस्पतिवार को जेवी जैन डिग्री कॉलेज की प्रबंध समिति ने बैठक की। इसमें एलएलबी प्रथम वर्ष (2022-23) के प्रवेश में अवैधानिकता, अनियमितता एवं प्रशासनिक अधिकारों के दुरुपयोग का आरोप प्राचार्य प्रोफेसर वकुल बंसल पर प्रथम दृष्टया सही होने पर आरोपों की जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की गई, जिसके संयोजक अमित कुमार जैन, सदस्य अनुज जैन, देवेंद्र कुमार मित्तल रहे। जांच के बाद प्राचार्य प्रोफेसर वकुल बंसल को निलंबित किया गया। उनके स्थान पर कार्यवाहक प्राचार्य पद पर प्रोफेसर हरिओम गुप्ता को प्रशासनिक एवं वित्तीय अधिकारों सहित नियुक्त किया गया।
इसके बाद समिति अध्यक्ष डॉ. आईसी जैन, सचिव मोहित जैन, संयुक्त सचिव अनुज कुमार जैन, सदस्य अनुराग जैन, दीपक कुमार जैन, राजीव जैन, अमित जैन आदि ने प्राचार्य कार्यालय में जाकर प्रोफेसर हरिओम गुप्ता को प्राचार्य पद पर आसीन किया।
प्रवेश प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगा किया था प्रदर्शन
पिछले दिनों अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने जेवी जैन डिग्री कॉलेज में एलएलबी प्रथम वर्ष में फर्जी प्रवेश करने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया था। काफी देर तक कॉलेज में हंगामा हुआ था। एबीवीपी पदाधिकारी प्रोफेसर वकुल बंसल को हटाने की मांग कर रहे थे।