सहारनपुर। राज्य विश्वविद्यालय के लिए होने वाले निर्माण कार्यों की डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) को लेकर लखनऊ में बुधवार को प्रेजेंटेशन होगी। प्रेजेंटेशन में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ ही विश्वविद्यालय के कुलसचिव भी मौजूद रहेंगे।
पुंवारका में बनने वाले विश्वविद्यालय के लिए करीब 50 एकड़ भूमि है। भूमि की खरीद जुुलाई 2020 में की गई थी। जिसके लिए 19 करोड़ 25 लाख रुपये का आवंटन हुआ था। वहीं, पुंवारका स्थित राजकीय महाविद्यालय के भवनों को राज्य विश्वविद्यालय परिसर में शामिल करने को कैबिनेट की मंजूरी मिल चुकी है।
बीते कई माह से विश्वविद्यालय में होने वाले निर्माण कार्यों की डीपीआर लोक निर्माण विभाग द्वारा तैयार की जा रही है। विश्वविद्यालय सूत्रों ने बताया कि डीपीआर को लेकर बुधवार को लखनऊ में प्रेजेंटेशन होनी है। प्रेजेंटेशन लोक निर्माण विभाग के अधिकारी देंगे। प्रेजेंटेशन में सदस्य के तौर पर कुलसचिव धीरेंद्र कुमार भी शामिल होंगे। सूत्रों ने बताया कि सरकार अगले सत्र से विश्वविद्यालय का संचालन करने की तैयारी में है। चूंकि अभी कई निर्माण कार्य होने हैं। ऐसे में यह स्पष्ट कहना मुश्किल है कि अगले सत्र से विश्वविद्यालय का संचालन हो पाएगा या नहीं।
राज्य विश्वविद्यालय सहारनपुर में अगले सत्र से पढ़ाई शुरू होने को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। बुधवार को लखनऊ में डीपीआर पर प्रेजेंटेशन होना है, जो लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के द्वारा होगी। सदस्य के तौर पर मुझे भी प्रेजेंटेशन में शामिल होना है।
- धीरेंद्र कुमार, कुलसचिव, राज्य विश्वविद्यालय, सहारनपुर।