ब्रेकिंग सेरेमनी में होगा करीब 26 इकाइयाें का उद्घाटन/ शिलान्यास
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। उद्योग विभाग ने उत्तर प्रदेश वैश्विक निवेशक सम्मेलन में उद्यमियों से हुए समझौता ज्ञापन को धरातल पर उतारने की तैयारी तेज कर दी है। मई के अंतिम या जून के प्रथम सप्ताह में होने वाली ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में 800 करोड़ के निवेश वाली करीब 26 इकाइयों का उद्घाटन या शिलान्यास किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश वैश्विक निवेशक सम्मेलन के लिए जनपद को 5250 करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य दिया गया था। लेकिन लखनऊ में हुए सम्मेलन में 441 निवेशकों ने निवेश सारथी पोर्टल पर 33,329.42 करोड़ के निवेश पर अपनी स्वीकृति दर्ज कराई। इनमें से 414 निवेशकों ने 11,418.42 करोड़ रुपये के समझौता ज्ञापन हस्ताक्षर किए। इनमें पशुपालन विभाग से संबंधित 284.93 करोड़ रुपये के 101 समझौता ज्ञापन, दुग्ध विभाग से संबंधित 389 करोड़ रुपये के 15 समझौता ज्ञापन, उद्यान विभाग से संबंधित 482 करोड़ रुपये के 28 समझौता ज्ञापन आदि प्रमुख हैं। इसके अलावा पर्यटन विभाग से संबंधित 146.50 करोड़ रुपये के 11 समझौता ज्ञापन और यूपीएसआईडीए से संबंधित 1095 करोड के सात समझौता ज्ञापन सहित अन्य शामिल हैं। जबकि 27 निवेशकों की परियोजना को पुनः परीक्षण के लिए वापस किया गया। उद्योग विभाग ने अब इन निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारने की कवायद तेज कर दी है।
धरातल पर निवेश उतारने वाले प्रमुख निवेशक
उद्योग विभाग के अनुसार प्रस्तावित ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में 26 इकाईयों का उदघाटन या शिलान्यास किया जाएगा। प्रमुख निवेशकों में उद्यमी अमित कौशिक का 100 करोड़, अरविन्द्र सिंघल का 50 करोड़, परविन्द्र सिंह का 50 करोड़ रुपये का निवेश शामिल हैं। इनके अलावा प्रियेश गर्ग का 10 करोड़, अमित राणा का 38 करोड़, वीरेंद्र अवस्थी का 10 करोड़, अमित टक्कर 18 करोड़ और मोहन कक्कड़ का आठ करोड़ सहित अन्य निवेश प्रस्ताव शामिल हैं।
जल्द ही ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी का आयोजन किया जाएगा। इनमें 800 करोड़ रुपये के 26 निवेश प्रस्ताव शामिल हैं। इनके अलावा अन्य निवेश प्रस्तावों को भी जल्द धरातल पर उतारा जाएगा।
सिद्धार्थ यादव, उपायुक्त उद्योग।