महिला अस्पताल में मॉकड्रिल के दौरान भर्ती मरीज का इलाज करते डॉक्टर।
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। कोरोना वायरस को मात देने के लिए स्वास्थ्य विभाग हर स्तर से अपने को तैयार कर रहा है। रविवार को एसबीडी जिला अस्पताल और महिला अस्पताल में मॉकड्रिल के जरिए कोरोना से निपटने की तैयारी को परखा गया। इस दौरान एक व्यक्ति को कोरोना मरीज बनाकर पांच से छह मिनट में इलाज शुरू किया।
जिले में आए दिन कोरोना के नए मामले सामने आ रहे हैं। कोरोना फिर जोर पकड़े, इससे पहले ही सभी तैयारियों को पूरा किया जा रहा है। रविवार को एसबीडी जिला अस्पताल व महिला अस्पताल में डॉक्टर नवदीप गुप्ता के निर्देशन में मॉकड्रिल कराई गई। इसके लिए स्टाफ से एक व्यक्ति को कोरोना मरीज बनाया गया। उसके बाद उसे अस्पताल गेट से ऑक्सीजन लगाकर स्ट्रेचर पर पीकू वार्ड तक लाया गया। सबसे पहले मरीज का ब्लड प्रेशर और पल्स की गई। इसके तुरंत बाद ही पीकू वार्ड में लाया गया। जहां उसको डॉक्टरों ने ऑक्सीजन लगाने के साथ-साथ इलाज शुरू किया। इस पूरी प्रक्रिया में पांच से छह मिनट का समय लगा। इसके अलावा डॉक्टर नवदीप गुप्ता ने ऑक्सीजन प्लांट का भी निरीक्षण किया।
महिला अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट की जांच करते डॉक्टर नवदीप गुप्ता।- फोटो : SAHARANPUR