सहारनपुर। मेला गुघाल परिसर में एक दिवसीय दंगल का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न राज्यों के पहलवानों ने हिस्सा लेकर दमखम दिखाया। विजेता पहलवानों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
दंगल का उद्घाटन पार्षद मंसूर बदर और भैरव मंदिर चौकी प्रभारी राहुल शर्मा ने संयुक्त रूप से किया। मंसूर बदर ने कहा कि कुश्ती हमारा पुराना खेल है, जिसे जिंदा रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कुश्ती एक ऐसा खेल है, जिसके जरिए खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ओलंपिक आदि में पदक जीतकर पहचान बना सकता है। राहुल शर्मा किशोरों और युवाओं को कुश्ती में भविष्य बनाने के लिए प्रेरित किया। दंगल में जुनैद, इंतसार, अंकित, साहिल, भूरा, दीपक पहलवान आदि पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन किया। सभी को पुरस्कृत किया गया। इस मौके पर खलीफा इसरार, हारून पहलवान, खलीफा बिलाल, खलीफा यामीन, इकराम पहलवान, खलीफा मन्नान, खलीफा मसरूर, वार्ड 49 के पार्षद प्रतिनिधि सईद सिद्दीकी, इमरान, सैयद इरफान, फूल चौधरी आदि मौजूद रहे।
चयन प्रतियोगिता के लिए एंट्री आज
सहारनपुर। 55वीं उत्तर प्रदेश राज्य जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता 24 से 26 अगस्त तक तीन जनपदों कौशांबी, प्रयागराज और लखनऊ में होगी। इसमें 14, 16, 18 और 20 आयु वर्ग के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। जनपद की टीम के लिए खिलाड़ियों की चयन प्रतियोगिता कराई जानी है, जिसके लिए एंट्री आज अपराह्न तीन बजे से डॉ. भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में होगी। 23 अगस्त की प्रात: आठ बजे से डॉ. आंबेडकर स्टेडियम ही में चयन प्रतियोगिता होगी।