छुटमलपुर के गांव बेहडा खुर्द में गेंदे की फसल के साथ खड़ा बेबस किसान कय्यूम
- फोटो : SAHARANPUR
छुटमलपुर (सहारनपुर)। गांव बेहड़ा खुर्द के किसान कय्यूम ने 14 बीघा जमीन में गेंदे का फूल लगा रखा है। इसमें उसका डेढ़ लाख रुपये का खर्च आया था। महीनों की हाड़तोड़ मेहनत रही अलग। कर्ज पर लेकर पैसे लगाए थे। अब फसल तैयार है। नवरात्र में लॉकडाउन के चलते मंदिर भी बंद हैं। ऐसे में ना तो बाजार में फूल की मांग है ना ही वह उसकी खुले में बिक्री कर पा रहा है। कय्यूम का कहना है कि यदि एक सप्ताह में फूलों की तोड़ नहीं होगी तो फसल खराब हो जाएगी। इसका तोड़ कर वह स्टाक भी नहीं कर सकता है। उसे इस बात का डर सता रहा कि यदि यह रकम डूब गई तो उम्र भर कर्ज से बाहर नहीं निकल सकेगा। कहना है कि ऐसे में उसे प्रशासन से उम्मीद है कि उसकी कुछ मदद की जाए।