सहारनपुर। बिजली लाइनों में आ रहे पेड़ों की छंटाई होने से महानगर की 15 से अधिक काॅलोनियों में सात घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही। जिसके चलते क्षेत्र के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
शुक्रवार को विद्युत निगम की टीम ने लाइनों में आने वाले पेड़ों की छंटाई कराई। जिसकी वजह से 66/11 केवी विद्युत उपकेंद्र जनकनगर से सुबह 10 बजे शटडाउन लिया गया। इसके बाद शाम पांच बजे तक नुमाइश कैंप, बेरीबाग, लिंक रोड, बाजोरिया रोड, माधो नगर, चर्च कपाउंड, प्रकाश पुरम, देहरादून चौक आदि में बिजली आपूर्ति नहीं हुई। इन क्षेत्रों में सात घंटे बिजली नहीं आई तो लोगों को गर्मी में परेशानी झेलनी पड़ी। यहीं नहीं पेयजल के लिए भी लोग परेशान रहे। काम पूरा होने के बाद ही बिजली उपकेंद्र से बिजली आपूर्ति सुचारू की गई। जिसके बाद ही लोगों को राहत मिल सकी।