सहारनपुर। दसवीं, 12वीं और स्नातक छात्र-छात्राओं के लिए पॉलीटेक्निक संस्थानों में इंजीनियरिंग, टेक्नोलॉजी एवं अन्य पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इन दिनों आवेदन की प्रक्रिया चल रही है, जिसकी अंतिम तिथि 25 मई निर्धारित है। प्रवेश परीक्षा जून में होगी, जिसके बाद काउंसिलिंग के जरिए प्रवेश होंगे।
राजकीय पॉलीटेक्निक के प्रधानाचार्य विश्वास कुमार ने बताया कि प्रदेश के राजकीय, अनुदानित एवं निजी क्षेत्र की पॉलीटेक्निक संस्थाओं में विभिन्न पाठ्यक्रम संचालित हैं। इनमें तीन वर्षीय डिप्लोमा इंजीनियरिंग पाठ्यक्रम (ग्रुप-ए), दो वर्षीय डिप्लोमा इन फॉर्मेसी पाठ्यक्रम (ग्रुप-ई), अन्य डिप्लोमा, पोस्ट डिप्लोमा पाठ्यक्रमों (ग्रुप-बी, सी, डी, एफ, जी, एच, आई और एल), लैटरल इंट्री से द्वितीय वर्ष डिप्लोमा इंजीनियरिंग पाठ्यक्रम (ग्रुप-के) संचालित हैं।
इन पाठ्यक्रमों में शैक्षिक वर्ष 2023-24 में प्रवेश के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा जून के पहले सप्ताह में होगी। इसके अलावा इस वर्ष से पोस्ट डिप्लोमा इंजीनियरिंग पाठ्यक्रम (ग्रुप-ए, बी, सी, डी, ई, एफ, जी, एच, आई, एल और के) के लिए ऑनलाइन परीक्षा केंद्र सभी मंडल मुख्यालयों एवं अधिकांश जनपदों में होंगे। आवेदन शुल्क स्टेट बैंक ऑफ इंडिया तथा आईसीआईसीआई बैंक की किसी भी शाखा में चालान या नेट बैंकिंग आदि द्वारा जमा कराया जा सकता है। आवेदन पत्र छह मार्च से 25 मई तक परिषद की वेबसाइट jeecup.admission.nic.in पर उपलब्ध हैं।
प्रवेश के लिए शैक्षिक योग्यता
तीन वर्षीय डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के लिए दसवीं तथा अन्य विभिन्न पाठ्यक्रमों के लिए 12वीं और स्नातक उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। जो अभ्यर्थी इस वर्ष दसवीं की परीक्षा में सम्मिलित हो रहे हैं वह भी ग्रुप-ए की परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन पत्र का मूल्य
सामान्य एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आवेदन पत्र 300 रुपये का है, जबकि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जन जाति के लिए आवेदन पत्र का मूल्य 200 रुपये रखा गया है। दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए प्रत्येक संस्था में पांच प्रतिशत आरक्षण प्रदान किया गया है। विलंब शुल्क के साथ आवेदन पत्र जमा करने का कोई प्रावधान नहीं है। ऐसे में निर्धारित तिथि में ही आवेदन करें।