सहारनपुर। प्रदूषित हवा गर्भवतियों और गर्भस्थ शिशु के स्वास्थ्य के लिए चिंता का कारण बन रही है। प्रदूषण के बढ़ते स्तर से सांस, दमा और रक्तचाप संबंधी समस्याएं बढ़ गई हैं। सरकारी और निजी अस्पतालों की ओपीडी में मरीजों की संख्या में 10 से 15 फीसदी तक का इजाफा हुआ है। अस्थमा और दिल के मरीजों के साथ ही गर्भवतियों को सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।
इन दिनों जनपद का एक्यूआई 200 से 240 के बीच चल रहा है, जो सामान्य दिनों में 80 से 100 तक रहता था। बढ़ते प्रदूषण से शहर की हवा खराब हो गई है। आलम यह है कि प्रदूषण लोगों की सेहत पर भी असर डाल रहा है। एसबीडी जिला अस्पताल की ओपीडी में फिजिशियन की ओपीडी 300 के पार पहुंच गई है। इनमें सांस, दमा और रक्तचाप से भी पीड़ित मरीज पहुंच रहे हैं। इनके अलावा महिला अस्पताल की ओपीडी में भी इजाफा हुआ है।
चिकित्सकों के मुताबिक, गर्भवतियों, बुजुर्गों और पहले से सांस की बीमारी से पीड़ित लोगों को इस समय सावधानी बरतने की आवश्यकता है। जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. सौरभ त्यागी बताते हैं कि प्रदूषण बढ़ने से दमा और सांस के मरीजों की परेशानी बढ़ जाती है। जिला महिला अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. मनदीप सिंह ने बताया कि बच्चों में सांस और खांसी की समस्या बढ़ गई है। निमोनिया की गिरफ्त में आ रहे हैं। महिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. इंद्रा सिंह ने बताया कि गर्भावस्था के दौरान महिलाओं के शरीर में कई तरह के शारीरिक बदलाव होते हैं। ऐसे में प्रदूषित हवा में मौजूद सूक्ष्म कण शरीर में पहुंचकर परेशानी बढ़ा सकती हैं।
-
सुबह-शाम बाहर निकलने से बचें गर्भवती महिलाएं
चिकित्सकों ने गर्भवती महिलाओं को घर से बाहर नहीं निकालना चाहिए। जरूरत पड़ने पर लगाएं। घर के भीतर धूल और धुएं से बचाव रखें। सांस लेने में परेशानी, सीने में जकड़न, लगातार खांसी या रक्तचाप बढ़ने जैसी समस्या होने पर स्वयं दवा लेने के बजाय चिकित्सकीय परामर्श लें।