गागलहेड़ी/ छुटमलपुर (सहारनपुर)। कोरोना संक्रमण के चलते यूपी उत्तराखंड सरकार द्वारा सावन मास की कांवड़ यात्रा पर लगाए गए प्रतिबंध के मददेनजर बार्डर पर पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। यूपी उत्तराखंड बार्डर स्थित काली नदी और बड़कलां पुलिस चौकियों पर पुलिस ने पीएसी के जवानों के साथ मोर्चा संभाल लिया है।
बार्डर की पुलिस चौकियों पर हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, पंजाब आदि राज्यों से आने वाले सभी यात्रियों की सघन चैकिंग की जा रही है। उनसे हरिद्वार जनपद में यात्रा के उद्देश्य की जानकारी ली जा रही है। सीओ सदर अजेंद्र कुमार ने बताया कि बार्डर की पुलिस चौकियों के साथ ही उन चोर रास्तों पर भी नजर रखी जा रही है जो उत्तराखंड में प्रवेश करते हैं। काली नदी पुलिस चौकी प्रभारी ने बताया की दोपहर तक ऐसा कोई यात्री नहीं मिला जो हरिद्वार से कांवड़ लाना चाहता हो। उत्तराखंड की काली नदी और मंडावर पुलिस चौकी पर भी वहां की पुलिस वाहनों की सघन चैकिंग कर रही है। इसके साथ ही हरिद्वार जनपद में प्रवेश करने वाले यात्रियों की कोविड आरटीपीसीआर निगेटिव रिपोर्ट देखी जा रही है।
गागलहेड़ी की काली नदी पुलिस चौकी पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कैंप लगा कर यात्रियों में कोरोना संक्रमण की जांच की। टीम में शामिल डा सुबोध ने बताया कि कुल 180 लोगों की जांच की गई जिनमें सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई। इस दौरान नेत्र सहायक चांदनी, एलटी राधा आदि कर्मचारियों का सहयोग रहा।