पुलिस ने शिकारियों के कब्जे से छुड़ाया मोर
बड़गांव (सहारनपुर)। गांव नूना बड़ी में सोमवार को कुछ शिकारी गांव के जंगल से शिकार के लिए राष्ट्रीय पक्षी मोर को पकड़ कर गांव लेकर आए। दोपहर में वह मोर की हत्या करने की योजना बना ही रहे थे कि तभी सूचना पर पहुंची पुलिस ने मुस्तफा पुत्र बुंदू के मकान पर पहुंच कर मोर को सकुशल कब्जे में ले लिया। पुलिस को देखकर आरोपी फरार हो गए। बाद में पुलिस ने वन विभाग की टीम को बुलाकर मोर को सौंपा। बताया जाता है कि नूना बड़ी में गोकशी के साथ शिकारी हिरन व मोर आदि पशु पक्षियों का शिकार करते रहते हैं। दो महीने पहले भी गांव के जंगल में शिकारी एक हिरन का शिकार कर आग में भूनने के बाद खाने की योजना बनाते हुए पकड़े गये थे। थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि मोर को सकुशल बरामद कर वन विभाग को सौंपा। यदि वन विभाग तहरीर देगा तो मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई होगी।