जमानती तस्दीक कराने में पुलिस कर रही अवैध वसूली
सहारनपुर। सपा नेता एवं पूर्व विधायक शशिबाला पुंडीर ने अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन को शिकायत कर आरोप लगाया कि जमानती तस्दीक (सत्यापन) कराने की कार्रवाई में पुलिस अवैध वसूली कर रही है। उन्होंने बताया कि देवबंद कोतवाली से जमानती तस्दीक कराने को लेकर ऐसी कई शिकायतें उनके पास आईं, जिसमें जमानती तस्दीक कराने वालों से तीन-तीन हजार रुपये की मांग की गई।
पूर्व विधायक ने बताया कि बृहस्पतिवार को वह देवबंद स्थित डाक बंगले पर लोगों की समस्याएं सुन रही थीं। तभी उन्हें देवबंद क्षेत्र के रहने वाले शुभम, आकाश और सोनी की जमानत होने पर जमानती तस्दीक कराने के लिए पुलिस द्वारा अवैध धन मांगने की शिकायत मिली। उस पर उन्होंने कोतवाली प्रभारी को भी कॉल करके शिकायत की।
पूर्व विधायक ने अपर पुलिस महानिदेशक से मांग की है कि इस पर रोक लगाई जाए। साथ ही ऐसी व्यवस्था की जाए कि पीड़ित सीधे उनके कार्यालय के नंबर पर कॉल कर ऐसे मामलों की शिकायत करा सकता है।
--------
- 320 ग्राम स्मैक सहित आरोपी गिरफ्तार
सहारनपुर। थाना मंडी कोतवाली पुलिस ने खाताखेड़ी से मदीना डेरी के पास से शहनवाज उर्फ शाटा को 320 ग्राम नाजायज स्मैक सहित गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।