सहारनपुर। पुलिस अभी तक खनन माफिया पूर्व एमएलसी हाजी इकबाल की 128 करोड़ रुपये कीमत की 174 संपत्तियां जब्त कर चुकी है। इन बेनामी संपत्तियों को उसने अपने बेटों, भाई, रिश्तेदारों के अलावा नौकरों तक के नाम कराया था। अब गैंगस्टर एक्ट के तहत पुलिस ने उसकी 203 करोड़ रुपये की 148 संपत्तियों के जब्तीकरण करने की कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।
खनन माफिया हाजी इकबाल और उसका सिंडीकेट बीते आठ माह से पुलिस के निशाने पर है। हाजी इकबाल के गैंग में पुलिस ने करीब 110 लोगों को चिह्नित किया है। पुलिस लगातार उसके खिलाफ कार्रवाई कर रही है। गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत पुलिस ने विगत 14 मई को 128 करोड़ की बेमानी संपत्ति जब्त की थी। यह संपत्ति बेहट और मिर्जापुर क्षेत्र में है। इन बेनामी संपत्तियों को हाजी इकबाल ने अपने नौकर नसीम के नाम कर रखा था। पुलिस हाजी इकबाल के भाई पूर्व एलएलसी महमूद अली व उसके तीन पुत्रों जावेद, अलीशान, अफजाल को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। हाजी इकबाल और उसका बड़ा बेटा वाजिद अभी वांछित चल रहे है। इसके अलावा भगत सिंह कॉलोनी में हाजी इकबाल व महमूद अली कोठियों पर प्रशासन का बुलडोजर भी चल चुका है।
हाजी इकबाल के ठिकानों पर दबिश दे रही पुलिस
सहारनपुर। फरार चल रहे हाजी इकबाल के ठिकानों पर पुलिस दबिश दे रही है। पुलिस टीमों ने उत्तराखंड, दिल्ली व वेस्ट यूपी में कई जगहों पर हाजी इकबाल के ठिकानों पर दबिश दी है, लेकिन वह पुलिस की पकड़ में नहीं आ सका है। वहीं, चर्चा यह भी है कि हाजी इकबाल देश छोड़कर भाग चुका है। एसएसपी विपिन ताडा का कहना है कि हाजी इकबाल की गिरफ्तारी को पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। वह जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।