सहारनपुर में एसएसपी मनोज तिवारी ने पुलिसकर्मियों के लिए साप्ताहिक अवकाश देने की घोषणा की है। इससे पुलिसकर्मियों में खुशी की लहर है। अवकाश घोषित करने का मकसद पुलिसकर्मियों के मन से तनाव को कम करना तथा शरीर को आराम देना है,
जिससे वह विभाग को और बेहतर सेवा दे सकें। प्रदेशभर में पुलिसकर्मियों की भारी कमी है। ऐसे में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों के साप्ताहिक अवकाश बंद रहते हैं।
लगातार 12 से 18 घंटे की ड्यूटी करने के बाद एक ओर जहां पुलिसकर्मी शारीरिक रूप से सुस्त रहते हैं। वहीं मानसिक तनाव भी रहता है। इन तमाम समस्याओं की वजह से ही अक्सर पुलिसकर्मियों का व्यवहार चिड़चिड़ा रहता है।
एसएसपी मनोज तिवारी ने जनपद के पुलिसकर्मियों के लिए साप्ताहिक अवकाश घोषित किया है। हालांकि साप्ताहिक अवकाश के दिन वह अपना थाना क्षेत्र छोड़कर बाहर नहीं जा सकेंगे। परिसर में ही रहकर आराम कर सकेंगे। इस बाध्यता का मकसद जरूरत पड़ने पर उन्हें वापस ड्यूटी पर बुलाना है।