फतेहपुर पुलिस द्वारा पकड़े गए 70 लाख की ठगी के आरोपी
- फोटो : SAHARANPUR
छुटमलपुर (सहारनपुर)। कारोबार में मोटा नुकसान उठाने वाले लोगों को तंत्र विद्या के माध्यम से करोड़ों रुपये दिलाने का लालच देकर 70 लाख रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार कर चालान किया है। इस मामले में दो आरोपी अभी फरार हैं।
पिछले माह अंबाला के बलदेव नगर थाने की जग्गी कालोनी निवासी प्रेमलता पत्नी सुरजीत और देहरादून के मसूरी रोड थाना राजपुर निवासी मनोज कुमार ने एसएसपी डॉ. विपिन ताडा से मिलकर उन्हें बताया था कि फतेहपुर थाने के गांव रसूलपुर कलां निवासी खुद को तांत्रिक बताने वाले दो सगे भाईयों ने अपने साथियों के साथ मिलकर उन्हें पांच-पांच करोड़ रुपये दिलाने का लालच देकर करीब सत्तर लाख रुपये की ठगी कर ली है। आरोप है कि तंत्र क्रिया के दौरान कथित तांत्रिकों ने उन्हें कोई नशीला पदार्थ कोल्ड ड्रिंक्स में पिलाने के बाद छत से पचास और सौ के नोटों की बरसात भी करके दिखाई थी। तांत्रिक क्रिया के लिए मजार पर भी लेकर गए थे। जब काफी दिनों तक रुपये नहीं मिले तो उन्होंने अपनी रकम मांगी जिस पर आरोपियों ने उन्हें धमकी देकर भगा दिया। एसएसपी ने मामले की जांच एसपी देहात को सौंपी थी।
जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद फतेहपुर थाना पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करते हुए दो आरोपी इरशाद पुत्र जमील निवासी मुजफ्फराबाद, आरिफ पुत्र अख्तर निवासी गांव रसूलपुर कलां थाना फतेहपुर को रविवार की सुबह आठ बजे रसूलपुर को अंडरपास के पास से पकड़ लिया। थानाध्यक्ष सतेंद्र नागर ने बताया कि दोनो आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। बाकि के फरार दो आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।