फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पीएम के आगमन को लेकर सहारनपुर में हाई अलर्ट

Fri, 11 Sep 2015 12:44 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, सहारनपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को जनसभा को संबोधित करेंगे। ऐसे में सरसावा सहित पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और प्रशासन को हाई अलर्ट कर दिया गया है।
विज्ञापन


एयरफोर्स स्टेशन से लेकर सभास्थल को छावनी में तब्दील कर लिया गया है। पूरे इलाके में सुरक्षा के बेहद कड़े प्रबंध किए गए हैं। एसपीजी और एनएसजी की टीम ने सहारनपुर में डेरा डाल दिया है। इसके अलावा पूरे दिन पीएम के आगमन की तैयारियों पर पुलिस, प्रशासन और भाजपाइयों की अलग-अलग बैठकें चलती रहीं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की नींदें उड़ा दी हैं। बेहद कम समय में प्रधानमंत्री के आगमन तथा जनसभा के पश्चात ऋषिकेश जाने के कार्यक्रम को सुरक्षित बनाने के लिए अधिकारियों ने दिन भर माथापच्ची की।
विज्ञापन


शुक्रवार को होने वाली प्रधानमंत्री की सभा से पहले उनके विशेष दस्ते ने मोर्चा संभाल लिया है। गुरुवार को प्रधानमंत्री की सुरक्षा में तैनात एसपीजी तथा एनएसजी कमांडो के दस्ते ने सभास्थल सील कर अपने कब्जे में ले लिया। करीब एक दर्जन लोगों की टीम ने आसपास के गांवों का पूरा ब्योरा लेकर अत्याधुनिक उपकरणों तथा खोजी कुत्तों के साथ सघन जांच की। हालांकि कम समय में सभा तय होने की वजह से भाजपाई इसे स्वागत कार्यक्रम का ही नाम दे रहे हैं। दरअसल, भाजपाई पीएम की सभा में उमड़ने वाली भीड़ को लेकर आश्वस्त नहीं हैं।

ऐसे में भीड़ जुटाने की ताकत झोंकने के साथ ही इस कार्यक्रम को स्वागत समारोह का ही नाम दिया जा रहा है। ध्यान रहे कि शुक्रवार को  प्रधानमंत्री मोदी का ऋषिकेश जाने का कार्यक्रम है। जिसके लिए उनका वायुयान शुक्रवार सुबह को सोराना स्थित वायुसेना अवस्थान की वायु पट्टी पर उतरेगा।

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर बृहस्पतिवार को दिनभर अधिकारियों की फौज दौड़ लगाती रही। डीआईजी तथा डीएम,  एसएसपी दिनभर वायुसेना अवस्थान तथा सभास्थल का दौरा करते रहे। जिस जगह सभा होनी निश्चित हुई है। वह मैदान राधा स्वामी सत्संग व्यास की संपत्ति है।

मैदान पर खड़े झाड़ झंखाड़ को साफ करवाना प्रशासन के लिए टेढ़ी खीर साबित हो रहा है। लोक निर्माण विभाग का पूरा अमला सफाई के कार्य में जुटा हुआ है। सभा पर होने वाले खर्च के लिए आनन फानन में बजट को मंजूरी भी दे दी गयी है।

पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया
प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर पुलिस ने व्यवस्था बनानी शुरू कर दी है। एसएसपी के निर्देश पर हरियाणा सीमा पर स्थित शाहजहांपुर चौकी पर वाहनों की सघन चेकिंग की गयी। साथ ही पूरा अमला हाई एलर्ट पर है। सूत्रों ने बताया कि अभी रूट चार्ट तैयार नहीं हुआ है, लेकिन संभावना है कि प्रधानमंत्री के आने से लेकर उनकी सभा तक रूट को डायवर्ट किया जाएगा। हरियाणा से आने वाले वाहनों को शाहजहांपुर से नकुड़ तथा चिलकाना के रास्तों से निकाला जाएगा। प्रधानमंत्री की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त फोर्स मंगाई गई है।

पहले पांच मिनट ही रुकने का था कार्यक्रम
सहारनपुर।  प्रधानमंत्री का सरूरपुर गांव में जनसभा को संबोधित करने का कार्यक्रम अचानक ही बना है। बुधवार को जारी कार्यक्रम के अनुसार  प्रधानमंत्री के दोपहर 1.50 बजे सरसावा एयरपोर्ट पर आगमन के बाद 1.55 बजे ऋषिकेश के लिए रवाना होना था। ऋषिकेश से अपराह्न 4.25 पर वापसी के बाद 4.30  बजे दिल्ली के लिए वापसी थी। बृहस्पतिवार को नया कार्यक्रम जारी होने के बाद प्रशासनिक अफसरों की गाड़ियां सरूरपुर की ओर दौड़ पड़ी। दोपहर से लेकर देर रात्रि तक प्रशासनिक अमला और पार्टी नेता प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों में लगे रहे।
विज्ञापन


प्रधानमंत्री के कार्यक्रम पर नजर
सरसावा एयरपोर्ट पर विशेष विमान से आगमन : 1.30 बजे
एयरपोर्ट से सड़क मार्ग से सभा स्थल : 1.40 बजे
सभा स्थल से वापस सरसावा एयरपोर्ट : 2.10 बजे
एयरपोर्ट से ऋषिकेश के लिए प्रस्थान : 2.20 बजे
ऋषिकेश से वापस सरसावा एयरपोर्ट : 4.15
एयरपोर्ट से विशेष विमान से वापसी : 4.30
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें